प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह को लेकर ‘गद्दार’ टिप्पणी पर राहुल गांधी के ख़िलाफ़ शिकायत दर्ज

कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने रायबरेली में पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों को संबोधित करते हुए कहा था कि ‘जब आरएसएस के लोग आपके सामने आएं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह की बात करें, तो आपको उनके मुंह पर कहना चाहिए कि आपका प्रधानमंत्री, गृह मंत्री और संगठन (भाजपा) गद्दार है.’ इस पर भाजयुमो के एक नेता ने दिल्ली में शिकायत दर्ज करवाई है.

नई दिल्ली: कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा कथित तौर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को ‘गद्दार’ कहे जाने के बाद भारतीय जनता युवा मोर्चा ने उनके खिलाफ पुलिस शिकायत दर्ज कराई है.

टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, यह शिकायत भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रवक्ता अभिषेक दुबे ने बुधवार को दक्षिण दिल्ली के तिगड़ी थाने में दर्ज कराई.

दुबे ने एक्स पर शिकायत की प्रति साझा करते हुए आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के खिलाफ ‘अशोभनीय और आपत्तिजनक भाषा’ का इस्तेमाल किया.

विवाद उस समय शुरू हुआ जब राहुल गांधी ने रायबरेली में पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों को संबोधित करते हुए लोगों से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के कार्यकर्ताओं का सामना करने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा अमित शाह को ‘गद्दार’ कहने का आह्वान किया.

राहुल गांधी ने कहा, ‘जब ये आरएसएस के लोग आपके सामने आएं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह की बात करें, तो आपको उनके मुंह पर कहना चाहिए कि आपका प्रधानमंत्री, गृह मंत्री और संगठन (भाजपा) गद्दार है. आपने भारत को बेचने का काम किया है. आपने संविधान पर हमला करने का काम किया है.’

कांग्रेस नेता ने मोदी सरकार पर भारत की आर्थिक व्यवस्था को कमजोर करने का आरोप भी लगाया. उन्होंने दावा किया कि देश की अर्थव्यवस्था को उद्योगपतियों और विदेशी हितों के हवाले कर दिया गया है.

प्रधानमंत्री की हालिया विदेश यात्राओं पर निशाना साधते हुए राहुल गांधी ने कहा कि देश आर्थिक संकट की ओर बढ़ रहा है, जबकि सरकार नागरिकों से ईंधन की खपत कम करने और विदेश यात्राएं घटाने की अपील कर रही है.

उन्होंने इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के साथ प्रधानमंत्री मोदी की मुलाकात पर तंज कसते हुए कहा, ‘हमारे सिर पर आर्थिक तूफान मंडरा रहा है और हमारे प्रधानमंत्री इटली में मिठाइयां बांट रहे हैं.’

भाजपा ने की आलोचना, पीडीपी और कांग्रेस ने किया पलटवार

इन टिप्पणियों की भाजपा नेताओं, जिनमें पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन भी शामिल हैं, ने कड़ी आलोचना की.

राहुल गांधी की इस टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसे ‘आपत्तिजनक’ और ‘असंसदीय’ करार देते हुए सार्वजनिक माफी की मांग की.

वहीं, राहुल गांधी के बयान का बचाव करते हुए उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि कांग्रेस नेता ने ‘सच बोला है’ और भाजपा नेतृत्व इसे स्वीकार नहीं कर पा रहा है. राय ने यह भी दावा किया कि 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव और अगले लोकसभा चुनाव में भाजपा को इसका राजनीतिक नुकसान उठाना पड़ेगा.

वहीं, जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने इस पर उठे विवाद पर सवाल खड़े करते हुए आरोप लगाया कि 2014 से भाजपा नेता अपने आलोचकों के लिए लगातार ‘गद्दार’ और ‘दल-बदलू’ जैसे शब्द इस्तेमाल करते रहे हैं, लेकिन उनके खिलाफ ऐसी कार्रवाई नहीं हुई.

हालांकि, कांग्रेस ने अभी तक शिकायत पर आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है. इस बीच कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर अपना हमला जारी रखा.

अपने बयान में उन्होंने कहा, ‘प्रधानमंत्री टोपी बांटने और जनता को नैतिक उपदेश देने में व्यस्त हैं, जबकि देश के पैरों तले जमीन खिसक रही है. भारत को तत्काल आर्थिक नीतियों में बुनियादी बदलाव की जरूरत है, लेकिन मोदी सरकार के पास आत्मप्रशंसा के अलावा कोई नया विचार नहीं है.’