फोटोयुक्त मतदाता सूची वार्षिक पुनरीक्षण को लेकर स्टैंडिंग कमेटी की बैठक संपन्न, नए मतदाताओं के नाम जोड़ने पर जोर.

म.प्र. राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पंचायतों की फोटोयुक्त मतदाता सूची पुनरीक्षण वर्ष 2026 के तहत जनपद पंचायत रामपुर नैकिन के सभागार में तहसीलदार रामपुर नैकिन की अध्यक्षता में स्टैंडिंग कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनप्रतिनिधियों, विभिन्न मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों एवं संबंधित अधिकारियों को मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी गई।
बैठक में बताया गया कि निर्धारित कार्यक्रम के तहत 15 मई 2026 को प्रारूप मतदाता सूचियों का प्रकाशन कर दिया गया है। इसके साथ ही दावे और आपत्तियां प्राप्त करने की प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है, जो 25 मई 2026 को अपराह्न 3 बजे तक जारी रहेगी।
तहसीलदारने बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें, ताकि अधिक से अधिक पात्र नागरिक इसका लाभ उठा सकें। विशेष रूप से ऐसे युवा, जिनकी आयु 1 जनवरी 2026 को 18 वर्ष पूर्ण हो चुकी है, उनके नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया गया।
इसके साथ ही मृतक एवं अन्य स्थानों पर स्थायी रूप से स्थानांतरित हो चुके मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाने के लिए आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने का भी अनुरोध किया गया, ताकि मतदाता सूची को अधिक सटीक और अद्यतन बनाया जा सके।
बैठक में पंचायत की मतदाता सूची के संदर्भ में सभी मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय राजनीतिक दलों को बीएलए (बूथ लेवल एजेंट) नियुक्त करने तथा उनके दायित्वों की जानकारी भी दी गई, जिससे पुनरीक्षण कार्य पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके। मास्टर ट्रेनर कमलेश कुमार मिश्र के द्वारा दावा-आपत्ति फार्म को विधिवत भरने की विधि बताया गया। इलेक्शन प्रोगामर दीपक पाण्डेय ने मतदाता सूची के पुनरीक्षण के महत्व को बताया गया।
बैठक के अंत में में मुख्य कार्यपालन अधिकारी रामपुर नैकिन ने बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधि, राष्ट्रीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी का आभार व्यक्त किए।