अर्जुन नगर के पास पैदल ले जाए जा रहे गौवंश को रोकने पहुंचे गौसेवक, पुलिस पर गंभीर आरोप.सीधी.

अर्जुन नगर के पास पैदल ले जाए जा रहे गौवंश को रोकने पहुंचे गौसेवक, पुलिस पर गंभीर आरोप.

मंगल भारत: सीधी :रामपुर नैकिन। थाना रामपुर नैकिन अंतर्गत पिपराव चौकी क्षेत्र के अर्जुन नगर के पास आज गौसेवा टीम ने पैदल ले जाए जा रहे दर्जनों गौवंश को रोकने का प्रयास किया। टीम के सदस्यों के अनुसार लगभग 70 से 80 गौवंश को संदिग्ध परिस्थितियों में अंदरूनी रास्तों से ले जाया जा रहा था।

गौसेवकों का आरोप है कि घटना की सूचना तत्काल पिपराव चौकी पुलिस को फोन के माध्यम से दी गई और सहयोग मांगा गया, लेकिन समय पर कोई सहायता नहीं मिली। टीम के अनुसार जब चौकी प्रभारी शेषमणि मिश्रा से संपर्क किया गया तो उन्होंने कथित रूप से कहा कि “आप कैसे साबित करेंगे कि यह गौ तस्कर हैं”, “बार-बार फोन लगाकर हमें परेशान मत करो” तथा “कहां से कौन सा कानून पढ़े हो आप?”

गौसेवकों का यह भी कहना है कि उन्होंने चौकी प्रभारी को बताया था कि गौवंश ले जा रहे लोगों के पास किसी प्रकार की लिखित खरीदी-बिक्री की पर्ची या वैध दस्तावेज मौजूद नहीं हैं। इस पर कथित रूप से चौकी प्रभारी द्वारा कहा गया कि “लिखित क्या होता है?” गौसेवकों ने जब तस्करी की आशंका जताई तो मामले में हस्तक्षेप करने की बजाय उनसे ही सवाल किए गए।

गौसेवा टीम का आरोप है कि पुलिस सहयोग नहीं मिलने के कारण कथित गौ तस्कर गौवंश को लेकर मौके से निकल गए। घटना के दौरान गौसेवकों को डराने-धमकाने एवं हमला करने का प्रयास किए जाने की बात भी सामने आई है, जिससे क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई।

इस पूरी घटना का लाइव वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है तथा पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए जा रहे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पूर्व में भी इस प्रकार की घटनाओं में पुलिस का ढीला रवैया सामने आ चुका है, जिसके कारण क्षेत्र में गौ तस्करी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ग्रामीणों एवं गौसेवकों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच, संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की जांच तथा गौ तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल पुलिस प्रशासन की ओर से मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।