खजुराहो-नौगांव में बरस रही आग, घरों में रहने की सलाह
भोपाल/मंगल भारत

मध्यप्रदेश में झुलसाने वाली गर्मी पड़ रही है। दरअसल इन दिनों चल रही पछुआ हवा में नमी की मात्रा लगातार कम होती जा रही है। खासतौर पर राज्य के अधिकतर बड़े शहरी क्षेत्रों की हवा में नमी की मात्रा (सापेक्षिक आर्द्रता) 25 फीसदी सा उससे कम तक चल गयी है। यही वजह है कि पछुआ हवा किसे गर्म थपेड़े से कम महसूस नहीं हो रही है। आम लोगों के स्वास्थ्य के लिए यह मौसमी दशा चिंता का विषय बनती जा रही है। विशेषज्ञों के अनुसार राज्य के शाम साढ़े पांच बजे की आर्द्रता के जरिए दिन में चली पछुआ के सूखेपन का अंदाजा लगाया जा सकता है। हवा में नमी की मात्रा जितनी कम होगी। लू की भीषणता उतनी ही अधिक महसूस होगी। शुक्रवार को प्रदेश में सबसे अधिक 46.8 डिग्री सेल्सियस उच्चतम तापमान नौगांव में दर्ज किया गया है।
सापेक्षिक आर्द्रता से आशय… सापेक्षिक आर्द्रता या बोलचाल में हवा में नमी कहा जाता है। यह बताती है कि किसी निश्चित तापमान पर हवा में कितनी नमी (जल वाष्प) मौजूद है और उसकी तुलना में हवा अभी अपने अंदर अधिकतम कितनी नमी और सोख सकती है।
सबसे कम 13 फीसदी नमी बची है
नौगांव की हवा में प्रदेश में सबसे कम 13 फीसदी नमी बची है। इसी तरह खजुराहो में उच्चतम तापमान 46.4 डिग्री रहा। यहां नमी की मात्रा 18 फीसदी रही है। सतना में 11 फीसदी, दतिया में 12, सागर में 14, गुना में 14, ग्वालियर में 15, उमरिया में नमी की मात्रा 15 और श्योपुर में 18 फीसदी नमी की मात्रा दर्ज हुई है। लिहाजा इन सभी जगहों पर उच्चतम तापमान क्रमश 44.5, 44.4, 44, 43, 43.7, 43.8 और 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है। बात साफ है कि हवा में कम नमी होने की वजह से गर्मी या लू का सबसे घातक असर झेल रहे हैं। इसके अलावा धार की हवा में नमी की मात्रा 20, खंडवा में 20, रतलाम में 23, छिंदवाड़ा और में 22 प्रतिशत नमी दर्ज की गयी है।
यहां अलर्ट जारी
तेज गर्मी का रेड अलर्ट: पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़।
तेज गर्मी का ऑरेंज अलर्ट: शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुर, रीवा, मऊगंज, सतना, निवाड़ी, नीमच, मंदसौर, आगर-मालवा, राजगढ़, विदिशा, दमोह, कटनी उमरिया।
तेज गर्मी का यलो अलर्ट: भोपाल, रायसेन, सीहोर, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, रतलाम, उज्जैन, शाजापुर, सिंगरौली, सीधी, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, जबलपुर, नरसिंहपुर, मंडला।
धूप से करें बचाव
तेज गर्मी के साथ आर्द्रता कम होने से इस समय सिर दर्द, चक्कर आदि जैसे कई बीमारियां आ सकती है। ऐसे में लोग धूप से अपना बचाव करें। साथ में तरल पदार्थ जैसे पानी, नारियल पानी, गन्ना रस, जूस का अधिकाधिक सेवन करें।
– डॉ. मनीष शर्मा, सीएमएचओ, स्वास्थ्य विभाग भोपाल