संकल्प से समाधान: एक लाख लोगों तक पहुंचने का लक्ष्य, 1000 लोगों से मिलकर पेड़ लगाने का संदेश पहुंचाया.

मंगल भारत।रामपुर नैकिन। पर्यावरण संरक्षण और जलवायु संतुलन के उद्देश्य से शिक्षक दयाशंकर द्विवेदी द्वारा चलाए जा रहे “संकल्प से समाधान” अभियान को निरंतर जनसमर्थन मिल रहा है। 27 मई 2026 से प्रारंभ हुए इस जन-जागरूकता अभियान के तहत उनका संकल्प है कि वे एक लाख लोगों से मिलकर कम से कम एक पेड़ लगाने की अपील करेंगे।
अभियान के अंतर्गत अब तक 1000 लोगों से प्रत्यक्ष संपर्क कर उन्हें पर्यावरण संरक्षण, जल संवर्धन एवं वृक्षारोपण के महत्व के बारे में जागरूक किया जा चुका है। इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए श्री द्विवेदी ने कहा कि यह केवल एक संख्या नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति लोगों की बढ़ती जिम्मेदारी और सहभागिता का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ते तापमान, घटते जलस्तर और पर्यावरणीय असंतुलन को देखते हुए प्रत्येक व्यक्ति को कम से कम एक पेड़ अवश्य लगाना चाहिए। वृक्ष न केवल स्वच्छ वायु प्रदान करते हैं, बल्कि जल संरक्षण, जैव विविधता के संरक्षण और धरती पर जीवन के संतुलन के लिए भी अत्यंत आवश्यक हैं।
श्री द्विवेदी ने समाज के सभी वर्गों से आह्वान किया कि वे इस अभियान से जुड़कर अपने घर, खेत, विद्यालय, सार्वजनिक स्थलों एवं खाली भूमि पर वृक्षारोपण करें तथा उनकी देखभाल का भी संकल्प लें। उन्होंने कहा कि आज लगाया गया एक पौधा आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ हवा, स्वच्छ पानी और बेहतर पर्यावरण का अमूल्य उपहार देगा।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जनसहयोग और सामूहिक प्रयासों के बल पर एक लाख लोगों तक पहुंचने का लक्ष्य निश्चित रूप से पूरा होगा और यह अभियान पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक जनआंदोलन का रूप लेगा।
“एक पेड़ – अनेक जीवन” के संदेश के साथ अभियान अनवरत जारी है। 🌳🙏