मंगल भारत।पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में पुलिस

और प्रदर्शनकारियों के बीच हुई हिंसक झड़पों में 30 लोगों की मौत हो गई, जबकि 200 लोग घायल हो गए। यह हिंसा जॉइंट अवामी एक्शन कमेटी और क्षेत्रीय सरकार के बीच चल रहे विवाद के दौरान हुई। मृतकों में चार पुलिसकर्मी शामिल हैं। वहीं 23 सुरक्षाकर्मी और 50 प्रदर्शनकारी घायल हुए हैं। पुलिस ने अब तक 30 लोगों को गिरफ्तार किया है। पीओके में जेएएसी और सरकार के बीच विधानसभा की 12 आरक्षित सीटों को लेकर विवाद चल रहा है। ये सीटें उन शरणार्थियों के लिए आरक्षित हैं जो जम्मू-कश्मीर से पाक के अन्य हिस्सों में जाकर बसे थे। जेएएसी इन सीटों को खत्म करने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहा है। वहीं भारत ने पाकिस्तान की इस बर्बरता की कड़े शब्दों में निंदा की है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने पीओके में चल रहे विरोध प्रदर्शनों और संबंधित मुद्दों पर भारत की चिंता जताई। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान द्वारा फैलाई जा रही फर्जी खबरों और वीडियो के पैटर्न पर भारत की पैनी नजर है।