शिक्षकों ने लिया संकल्प, नए जोश और उत्साह के साथ होगा शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ.सीधी.

शिक्षकों ने लिया संकल्प, नए जोश और उत्साह के साथ होगा शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ.

मंगल भारत:सीधी:जिला कलेक्टर श्री विकास मिश्रा के निर्देशानुसार जिले के समस्त विकासखंडों में प्राथमिक एवं माध्यमिक शिक्षकों का सह-प्रशिक्षण एवं समीक्षा बैठक आयोजित की जा रही है। नवीन शैक्षणिक सत्र 2026-27 के शुभारंभ से पूर्व शिक्षकों को प्रेरित एवं प्रशिक्षित करते हुए विद्यालयों की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है.

रामपुर नैकिन विकासखंड अंतर्गत खड्डी, हनुमानगढ़, रामपुर एवं चुरहट को प्रशिक्षण केंद्र बनाया गया है, जिससे शिक्षकों को आवागमन में सुविधा मिल सके। राज्य शिक्षा केंद्र भोपाल के निर्देशानुसार 16 जून 2026 से विद्यार्थियों के लिए विद्यालय खुलेंगे, जबकि लोक शिक्षण संचालनालय भोपाल के आदेशानुसार शिक्षकों का अवकाश 7 जून से समाप्त हो चुका है और विद्यालयों में पूर्व तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं।

प्रशिक्षण के दौरान विद्यालयों की साफ-सफाई, अभिलेखों के संधारण, ऑनलाइन एवं ऑफलाइन व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाने तथा प्रवेशोत्सव को उत्साहपूर्वक मनाने पर विशेष चर्चा की गई। विकासखंड अकादमिक समन्वयक दिलीप सिंह द्वारा नवाचार आधारित शैक्षणिक गतिविधियों पर मार्गदर्शन दिया गया, वहीं तकनीकी समस्याओं के समाधान संबंधी जानकारी दीपेन शुक्ला द्वारा प्रदान की गई।

भारत सरकार की महत्वपूर्ण नवभारत साक्षरता एवं उल्लास योजना के संबंध में विकासखंड सह-समन्वयक राजू सिंह ने विस्तार से जानकारी देते हुए सभी शिक्षकों के मोबाइल में ऐप डाउनलोड कराया तथा शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्ति के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि साक्षरता केवल पढ़ना-लिखना नहीं बल्कि जीवनोपयोगी ज्ञान और आत्मनिर्भरता का आधार है। इसलिए 15 वर्ष से अधिक आयु के निरक्षर व्यक्तियों को चिन्हित कर उन्हें साक्षर बनाना हम सभी का दायित्व है।

प्रशिक्षण में नवाचारी शिक्षक दयाशंकर द्विवेदी ने शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक नया सत्र नई संभावनाएं लेकर आता है। शिक्षक ही राष्ट्र के भविष्य का निर्माता होता है और देश की दिशा एवं दशा निर्धारित करने में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने सभी शिक्षकों से नवीन ऊर्जा, उत्साह और समर्पण के साथ शैक्षणिक कार्यों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

उन्होंने “संकल्प से समाधान” अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण और जल संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। इसी उद्देश्य से वे एक लाख लोगों से संपर्क कर प्रत्येक व्यक्ति से कम से कम एक पेड़ लगाने की अपील कर रहे हैं। इस अभियान में अब तक लगभग 3000 लोगों से संपर्क स्थापित किया जा चुका है।

प्रशिक्षण के दौरान उपस्थित शिक्षकों ने भी पर्यावरण संरक्षण, जल संवर्धन, साक्षरता अभियान एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए सामूहिक संकल्प लिया। इस अवसर पर जनपद शिक्षा केंद्र रामपुर नैकिन में अकादमिक समन्वयक दिलीप सिंह एवं तहसीलदार महेंद्र द्विवेदी को संकल्प पत्र सौंपा गया। वहीं चुरहट में तहसीलदार साक्षी गौतम एवं निर्वाचन प्रोग्रामर दीपक पांडे को भी संकल्प पत्र भेंट कर पर्यावरण एवं जल संरक्षण के प्रति जनजागरण का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में शिक्षक, कर्मचारी, अधिवक्ता, काश्तकार एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने पर्यावरण संरक्षण, जल संवर्धन और शिक्षा के क्षेत्र में मिलकर कार्य करने का संकल्प लिय.