15 से 17 जून तक नागदा में जनकल्याणकारी शिविरों का आयोजन, पात्र हितग्राहियों को मिलेगा योजनाओं का लाभ – नपाध्यक्ष गेहलोत.
नागदा (नि.प्र.)। मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं आमजन की समस्याओं के निराकरण के उद्देश्य से 15 जून से 17 जून 2026 तक नागदा नगरीय क्षेत्र में विशेष जनकल्याणकारी शिविरों का आयोजन किया जाएगा। शिविरों में केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं से वंचित पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया जाएगा तथा प्राप्त आवेदनों एवं शिकायतों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा।
अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) नागदा द्वारा जारी आदेशानुसार *15 जून को तेजाजी महाराज मंदिर, पाल्यागांव के सामने, 16 जून को केशव गार्डन एप्रोच रोड तथा 17 जून को बाबा रामदेव मंदिर, जी-ब्लॉक, बिरलाग्राम नागदा में प्रातः 10 बजे से सायं 4 बजे तक शिविर आयोजित होंगे।*
शिविरों के सफल संचालन हेतु विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। शिविरों में प्रधानमंत्री आवास योजना, पेंशन योजनाएं, समग्र एवं बीपीएल सेवाएं, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, संबल योजना, कर्मकार मंडल योजना, स्वास्थ्य सेवाएं, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा, पशुपालन, विद्युत, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति सहित अन्य विभागों द्वारा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया जाएगा।
क्षेत्रीय विधायक डा तेजबहादुरसिंह जी चौहान, जिलाध्यक्ष राजेश जी धाकड़, नगर पालिका अध्यक्ष संतोष ओ.पी. गेहलोत जी,उपाध्यक्ष सुभाषचंद शर्मा जी, मंडल अध्यक्ष विजय पटेल जी , प्रकाश जी जैन सहित समस्त पार्षदगणो ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों पर शिविरों में पहुंचकर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करें तथा अपनी समस्याओं के निराकरण हेतु आवेदन प्रस्तुत करें।
सभी विभाग प्रमुखों को अपनी-अपनी योजनाओं की जानकारी हेतु फ्लेक्स एवं प्रदर्शनी लगाने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि अधिक से अधिक नागरिक योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका लाभ ले सकें।