अपनी ही जमीन पर पिलर गाड़ने से शुरू हुआ विवाद, पीड़ित ने निष्पक्ष सीमांकन की मांग की.सीधी.

अपनी ही जमीन पर पिलर गाड़ने से शुरू हुआ विवाद, पीड़ित ने निष्पक्ष सीमांकन की मांग की.

चुरहट। तहसील चुरहट अंतर्गत ग्राम टीकट कला निवासी रामेश नामदेव ने आरोप लगाया है कि उन्हें अपनी ही भूमि का उपयोग करने से रोका जा रहा है तथा लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच एवं सीमांकन कराकर न्याय दिलाने की मांग प्रशासन से की है।
रामेश नामदेव के अनुसार उन्होंने अपनी कुछ भूमि का विक्रय शांति सिंह पति बद्री विशाल सिंह को किया था, जबकि शेष लगभग पांच डिसमिल भूमि अपने निवास एवं निस्तार के लिए सुरक्षित रखी थी। इसी भूमि पर उन्होंने मकान का निर्माण कराया है। उनका कहना है कि सड़क से लगी उनकी शेष भूमि लगभग 27 फीट चौड़ी है, जिस पर उनका वैध अधिकार है।
पीड़ित का आरोप है कि जब उन्होंने अपनी शेष भूमि में एक गड्ढा खोदकर पिलर स्थापित किया तो इसे लेकर विवाद खड़ा कर दिया गया। उनका कहना है कि शांति सिंह एवं उनके परिजनों द्वारा उन्हें बार-बार परेशान किया जा रहा है तथा उनकी भूमि पर अधिकार जताने का प्रयास किया जा रहा है।
रामेश नामदेव ने यह भी आरोप लगाया कि संबंधित पक्ष द्वारा सीमांकन कराया गया, लेकिन आसपास के पट्टेदारों को इसकी जानकारी नहीं दी गई। उन्होंने कहा कि उन्होंने स्वयं भी तहसील चुरहट में सीमांकन के लिए आवेदन प्रस्तुत किया है और निष्पक्ष सीमांकन होने पर जो भूमि संबंधित पक्ष की होगी, उसे स्वीकार करेंगे। उनका कहना है कि उन्होंने किसी की भूमि पर अतिक्रमण नहीं किया है और न ही उन्हें किसी अन्य की भूमि चाहिए, बल्कि केवल अपनी शेष बची भूमि पर अधिकार चाहिए।
रामेश ने बताया कि पूर्व में जब वर्तमान आरआई संबंधित क्षेत्र के पटवारी थे, तब की गई जांच में यह उल्लेख किया गया था कि वह अपनी शेष बची भूमि पर काबिज हैं और उन्होंने शांति सिंह की भूमि पर कोई अतिक्रमण नहीं किया है। इसके बावजूद बिना विधिवत सीमांकन के बेदखली संबंधी कार्रवाई किए जाने पर उन्होंने सवाल उठाए हैं।
पीड़ित ने प्रशासन से मांग की है कि मौके पर निष्पक्ष नाप-जोख कराकर वास्तविक स्थिति स्पष्ट की जाए तथा उन्हें उनकी वैध भूमि का कब्जा दिलाया जाए। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें अपमानित किया जा रहा है और उनकी शिकायतों पर उचित सुनवाई नहीं हो रही है। उन्होंने जिला प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर न्याय दिलाने की मांग की है।