पटवारी का रिश्वत मांगते ऑडियो वायरल, एसडीएम ने किया निलंबित.सीधी.

पटवारी का रिश्वत मांगते ऑडियो वायरल, एसडीएम ने किया निलंबित.

सीमांकन के नाम पर 3 हजार रुपये मांगने का आरोप, तहसीलदार की जांच रिपोर्ट पर कार्रवाई

मंगल भारत/चुरहट। जिले की रामपुर नैकिन तहसील में एक पटवारी का किसान से सीमांकन की पुष्टि के बदले कथित रूप से 3 हजार रुपये रिश्वत मांगने का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। एसडीएम चुरहट विकास कुमार आनंद ने तहसीलदार की जांच रिपोर्ट के आधार पर हल्का नंबर-02 जमुनिहा के पटवारी रघुनाथ प्रसाद साकेत को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
जानकारी के अनुसार सोशल मीडिया पर वायरल कथित ऑडियो में पटवारी पर सीमांकन की पुष्टि के बदले 3 हजार रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप लगाया गया था। मामला सामने आने के बाद तहसीलदार रामपुर नैकिन ने 28 जून 2026 को कारण बताओ नोटिस जारी कर पटवारी से जवाब मांगा।
जांच के दौरान 29 जून को नायब तहसीलदार के माध्यम से पटवारी को फोन कर शाम 5 बजे तहसील कार्यालय में उपस्थित होने के निर्देश दिए गए, लेकिन उन्होंने कार्यालय आने से इंकार कर दिया। साथ ही वायरल ऑडियो के संबंध में कोई संतोषजनक स्पष्टीकरण भी प्रस्तुत नहीं किया। इसे वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना माना गया।
तहसीलदार की जांच रिपोर्ट में प्रथम दृष्टया भ्रष्टाचार एवं कदाचार की आशंका व्यक्त करते हुए कहा गया कि इस घटना से राजस्व विभाग एवं तहसील प्रशासन की छवि धूमिल हुई है। इसके बाद मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1966 के नियम-9 के तहत निलंबन की अनुशंसा एसडीएम को भेजी गई।
जांच रिपोर्ट का परीक्षण करने के बाद एसडीएम विकास कुमार आनंद ने पाया कि संबंधित पटवारी का आचरण मध्यप्रदेश सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के विपरीत है तथा उन्होंने शासकीय दायित्वों के निर्वहन में गंभीर लापरवाही बरती है। इसके आधार पर उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।

तहसील कार्यालय में किया गया अटैच
निलंबन अवधि के दौरान पटवारी रघुनाथ प्रसाद साकेत का मुख्यालय तहसील कार्यालय रामपुर नैकिन निर्धारित किया गया है। नियमानुसार उन्हें निलंबन अवधि में जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मामले की विभागीय जांच आगे भी जारी रहेगी।