राजस्थान दुष्कर्म कांड के दोषियों को मिले कठोरतम दंड : विवेक पांडे.सीधी.

राजस्थान दुष्कर्म कांड के दोषियों को मिले कठोरतम दंड : विवेक पांडे.सीधी.
राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन, फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई की मांग शिवसेना.

मंगल भारत/सीधी। शिवसेना मध्यप्रदेश के प्रदेश उपाध्यक्ष विवेक पांडे ने राजस्थान में 13 वर्षीय बालिका के साथ हुए कथित सामूहिक दुष्कर्म प्रकरण एवं सीधी जिले के कोष्टा-कोठार क्षेत्र के पहाड़ में साकेत परिवार की एक बालिका का शव अधजली अवस्था में मिलने की घटना पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया है।
विवेक पांडे ने कहा कि राजस्थान की घटना मानवता को शर्मसार करने वाली है और देश की बेटियों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करती है। उन्होंने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष, त्वरित एवं प्रभावी जांच कर दोषियों को कानून के अंतर्गत कठोरतम दंड दिया जाए तथा प्रकरण की सुनवाई फास्ट ट्रैक न्यायालय में कराकर पीड़िता को शीघ्र न्याय दिलाया जाए।
इसके साथ ही उन्होंने सीधी जिले के कोष्टा-कोठार पहाड़ में साकेत परिवार की बालिका का शव अधजली अवस्था में मिलने की घटना को अत्यंत गंभीर बताते हुए स्थानीय पुलिस प्रशासन से मामले को संवेदनशीलता एवं गंभीरता से लेते हुए शीघ्र जांच पूरी करने और दोषियों को तत्काल गिरफ्तार कर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं समाज को झकझोर देने वाली हैं और यदि समय रहते दोषियों पर कठोर कार्रवाई नहीं की गई तो आमजन का कानून व्यवस्था पर विश्वास कमजोर होगा। शिवसेना ने मांग की है कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए प्रशासन पूरी पारदर्शिता के साथ जांच कर वास्तविक दोषियों को बेनकाब करे।
प्रदेश उपाध्यक्ष विवेक पांडे ने कहा कि बेटियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और किसी भी दोषी को राजनीतिक, सामाजिक या आर्थिक प्रभाव के आधार पर संरक्षण नहीं मिलना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने में लापरवाही बरती गई तो शिवसेना जनहित में लोकतांत्रिक तरीके से व्यापक आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।
इस बीच प्रमुख रूप से संभाग उपाध्यक्ष प्रदीप विश्वकर्मा, जिलाध्यक्ष बेनाम से8नग्न बघेल उर्फ भोले ,जिला उपाध्यक्ष राजीव मिश्रा, नगर अध्यक्ष जैनेंद्र सिंह चौहान उर्फ मुन्ना , युवा संयोजक आकाश पांडे रहे मौजूद