नागदा में निकली भव्य श्रीजगन्नाथ रथ यात्रा, पुष्पवर्षा और जयघोष से गूंजा नगर.

नागदा में निकली भव्य श्रीजगन्नाथ रथ यात्रा, पुष्पवर्षा और जयघोष से गूंजा नगर.


नागदा, उज्जैन। इस्कॉन समिति नागदा एवं श्रीजगन्नाथ समिति के तत्वावधान में लगातार तीसरे वर्ष आयोजित श्रीजगन्नाथ रथ यात्रा रविवार को पूरे धार्मिक उत्साह, श्रद्धा और भव्यता के साथ निकाली गई। यात्रा का शुभारंभ मंशापूर्ण गणपति मंदिर परिसर, कृषि उपज मंडी से हुआ तथा थाना चौराहा, एमजी रोड, स्टेशन रोड, जवाहर मार्ग, पुराना बस स्टैंड और महिदपुर रोड होते हुए ज्योति रिसॉर्ट (बाग) पहुंचकर संपन्न हुई।
रथ यात्रा में भगवान श्रीजगन्नाथ, बलभद्र एवं सुभद्रा की मनमोहक प्रतिमाएं श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहीं। पूरे मार्ग में नगर के विभिन्न सामाजिक, धार्मिक, व्यापारी एवं राजनीतिक संगठनों ने स्वागत द्वार एवं बैनर लगाकर पुष्पवर्षा से यात्रा का अभिनंदन किया। अनेक स्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए शीतल पेय, पानी, आइसक्रीम, पानी के पाउच तथा मावे के प्रसाद का वितरण किया गया।

रथ यात्रा में बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक, युवा, महिलाएं, युवक-युवतियां एवं बालक-बालिकाएं शामिल हुए। श्रद्धालुओं ने भगवान के रथ की रस्सी खींचकर अपनी आस्था व्यक्त की। बैंड-बाजे, डीजे और पारंपरिक वाद्ययंत्रों के साथ निकली यात्रा ने पूरे नगर को भक्तिमय वातावरण में रंग दिया। कई स्थानों पर श्रद्धालुओं ने सेवा भाव से मार्ग की सफाई कर झाड़ू लगाई और भगवान की आरती भी की।


इस अवसर पर पूर्व विधायक दिलीप सिंह गुर्जर, नगर पालिका अध्यक्ष संतोष ओ.पी. गहलोत, सांसद प्रतिनिधि ओ.पी. गहलोत, भाजपा मंडल अध्यक्ष विजय पटेल, नगर पालिका उपाध्यक्ष सुभाष शर्मा, पार्षदगण, डॉ. मधुसूदन भट्ट, प्रकाश जैन, राजेश शर्मा, सतीश भट्ट, मनोज भट्ट, शशिकांत शर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारी उपस्थित रहे। कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत का भी उल्लेख स्वागत संदेशों में किया गया।
यात्रा में पुलिस प्रशासन, नगर पालिका परिषद, तहसील एवं प्रशासनिक अधिकारियों की सक्रिय उपस्थिति रही। पूरे मार्ग में सुरक्षा एवं यातायात की समुचित व्यवस्था की गई। नगर के विभिन्न समाजों, व्यापारी संगठनों, धार्मिक संस्थाओं एवं महिला मंडलों ने यात्रा का भव्य स्वागत किया।
रथ यात्रा का समापन ज्योति रिसॉर्ट, महिदपुर रोड पर महाआरती के साथ हुआ। इसके पश्चात सभी श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीजगन्नाथ का महाप्रसाद एवं भोजन प्रसादी ग्रहण की।
कार्यक्रम में इस्कॉन समिति नागदा, श्रीजगन्नाथ समिति, नगर पालिका परिषद, पुलिस प्रशासन, विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों तथा नगरवासियों का उल्लेखनीय सहयोग रहा।