दक्ष प्रजापति जन्मोत्सव पर नागदा में निकली भव्य वाहन रैली, महाआरती व महाप्रसादी का हुआ आयोजन

दक्ष प्रजापति जन्मोत्सव पर नागदा में निकली भव्य वाहन रैली, महाआरती व महाप्रसादी का हुआ आयोजन.

नागदा। दक्ष प्रजापति जन्मोत्सव के अवसर पर प्रजापति समाज द्वारा हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी भव्य वाहन रैली का आयोजन किया गया। रैली में ट्रैक्टर, मोटरसाइकिल, चारपहिया वाहन, डीजे, बैंड-बाजे एवं आकर्षक झांकी शामिल रही। कार्यक्रम का शुभारंभ किलकीपुरा स्थित अंबे माता मंदिर से हुआ।
वाहन रैली किलकीपुरा चौराहा से प्रारंभ होकर चंबल मार्ग, पुराना नगर पालिका चौराहा, थाना चौराहा, एमजी रोड, स्टेशन रोड, जवाहर मार्ग, पुराना बस स्टैंड, रामसाईं मार्ग एवं गुर्जर मोहल्ला सहित नगर के प्रमुख मार्गों से होकर पुनः अंबे माता मंदिर परिसर पहुंची।

रैली में समाज के वरिष्ठजन, युवा, महिलाएं, युवतियां एवं बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल हुए। नगर के विभिन्न स्थानों पर व्यापारी संगठनों, धार्मिक संगठनों एवं विभिन्न समाजों के लोगों ने पुष्पवर्षा, पुष्पमालाएं अर्पित कर तथा शीतल पेयजल पिलाकर रैली का भव्य स्वागत किया। दक्ष प्रजापति की आकर्षक झांकी के दर्शन के लिए जगह-जगह श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी और लोगों ने पुष्पमालाएं अर्पित कर श्रद्धा व्यक्त की।
वाहन रैली के समापन पर अंबे माता मंदिर परिसर में दक्ष प्रजापति की महाआरती आयोजित की गई, जिसमें समाज के वरिष्ठजन, महिला मंडल, युवा, युवक-युवतियों एवं बच्चों ने बड़ी श्रद्धा के साथ भाग लिया। इसके पश्चात प्रजापति धर्मशाला में महाप्रसादी एवं सामूहिक भोजन का आयोजन किया गया, जिसमें उपस्थित सभी समाजजनों ने प्रसादी ग्रहण कर जन्मोत्सव की खुशियां साझा कीं।
कार्यक्रम में प्रजापति समाज के सभी वरिष्ठ सदस्य, युवा, महिला मंडल, युवक-युवतियां एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता एवं उत्साह का वातावरण देखने को मिला।