नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने सीएम शिवराज को लिखा पत्र

भोपाल। टीकमगढ़ में महिला पुलिस अधिकारी की बीच सड़क में वर्दी फाड़ना, उसे पीटना और फिर बेइज्जत करने की घटना को नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने शर्मनाक बताय़ा है।इसके लिए उन्होंने सीएम शिवराज को पत्र भी लिखा है।उन्होंने कहा है कि जो पार्टी संस्कार, चरित्रवान, राष्ट्रवादिता, नैतिकता और तमाम शरीफ होने के दावे करते ही अपने को दूध का धुला हुआ बताती है उसकी पार्टी का चाल-चरित्र और चेहरा क्या हैं, यह घटनाएं बताती हैं। सिंह ने मुख्यमंत्री से सवाल किया कि क्या यह गुनाह था जिसकी सजा आपके पदाधिकारी ने महिला पुलिस अधिकारी को दी।

नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को लिखे पत्र में कहा है कि संस्कार, संस्कृति और संबंधों की बात करने वाली भाजपा का महिलाओं के प्रति असली चरित्र क्या है यह एक बार फिर सामने आ गया है। टीकमगढ़ में दिनदहाड़े एक महिला सब इंस्‍पेक्‍टर को सिर्फ इसलिए सरेराह पीटा गया, उसकी वर्दी फाड़ी और उसे बेईज्जत किया क्योंकि उसने एक मासूम लड़की को टक्कर मारने वाले भाजयुमो पदाधिकारी को रोका और नसीहत दी।

उन्होंने कहा कि यही भाजपा का असली चरित्र है। मुख्यमंत्री आम लोगों से महिलाओं के प्रति संवेदनशीलता लाने और इसके लिए जन जागृति अभियान चलाने की बात कहते हैं, लेकिन खुद अपनी पार्टी के लोगों का चरित्र वे ऐसा नहीं बना पाए यही उनकी कथनी और करनी का अंतर है। इसी दोहरे चरित्र के कारण भाजपा इस प्रदेश की जनता का भरोसा खो बैठी हैं।

नेता प्रतिपक्ष सिंह ने मुख्यमंत्री को लिखा कि फांसी का खौफ पैदा करने के पहले आप अपनी पुलिस का खौफ अपराधियों के बीच पैदा करें। फांसी तो तब होगी जब घटनाएं होंगी। आप पहले घटनाओं पर रोक लगाने का दम अपने पुलिस तंत्र में पैदा करें ताकि फांसी की नौबत ही पैदा न हो। आपकी यह सोच आपकी अक्षमता और 15 साल बाद आपकी असमर्थता को ही इंगित करता है। उन्होंने कहा कि एनसीआरबी की रिपोर्ट बताती है कि पिछले 15 साल में मध्यप्रदेश में नाबालिगों के साथ बलात्कार के केस में 532 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में इन सालों में 24 हजार से अधिक प्रकरण दुष्कर्म के दर्ज किए गए हैं। मुख्यमंत्री अपराधियों से पहले अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और मंत्रियों को महिलाओं का सम्मान करना, उनकी इज्जत करना सिखाएं।

गौरतलब है कि बीते दिनों मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले के लिधौरा कस्बे में वाहन चैकिंग के दौरान एक्सिडेंट की घटना पर पूछताछ करने पर युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष मुनेन्द्र सिंह अपने एक साथी के साथ मिलकर महिला पुलिस सब इंस्पेक्टर को गलत नियत से पकड़ा था। इतना ही वही उसे लात भी मारी थी। इसके साथ ही आरोप लगा था कि वाहन चैकिंग के दौरान भाजपा युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष ने महिला सब-इंस्पेक्टर के साथ छेड़छाड़ कर उनके कपड़े फाड़ दिए थे। इस घटना के बाद पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि एक आरोपी फरार हो गया था।