MP में अगले 48 घंटे भारी बारिश की चेतावनी, बन सकते हैं बाढ़ जैसे हालात, CM ने किया अलर्ट

भोपाल। प्रदेश में लगातार बारिश का दौर जारी है। मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। सोमवार को राजधानी भोपाल सहित कई जिलों में बारिश और तेज हवा चली है| भोपाल में दोपहर तीन बजे के बाद तेज हवा चली और जोरदार बारिश हुई। वहीं रविवार को भी तेज हवा के साथ बारिश का सिलसिला जारी रहा। मौसम विभाग ने प्रदेश भर में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है| वहीं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी प्रदेशवासियों को भारी वर्षा के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है, साथ ही संकट में फंसे लोगों की मदद की अपील भी की है ।

मौसम विभाग ने प्रदेश भर में अगले 48 घंटों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों में बालाघाट, बैतूल, भोपाल, दमोह, होशंगाबाद, इंदौर, जबलपुर, खंडवा, खरगोन, मंडला, रायसेन, रतलाम, सागर, सिवनी, उज्जैन, उमरिया और विदिशा में भारी बारिश हो सकती है। वही प्रदेश के कई जिलों में बाढ़ की स्थिति भी बनने की आशंका है। इसी के साथ प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी लोगों को अलर्ट किया है। उन्होंने लोगों को सर्तक रहने की सलाह दी है।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने ट्वीटर अकांटर पर एक पोस्ट के जरिए मौसम को लेकर लोगों को अलर्ट किया है। उन्होंने लिखा है कि प्रदेश में मानसून सक्रिय है और अगले 48 घंटों में भारी वर्षा की आशंका बताई जा रही है, जिससे बाढ़ जैसे हालात बन सकते हैं। हमारी तैयारी है और आप भी सतर्क रहें। यदि कोई विषम परिस्थितियों में दिखे तो क्षमता अनुसार उनकी मदद करें।

बता दे कि बीते 24 घंटों में राजधानी के अलावा राज्य के कई हिस्सों में बारिश होने के कारण तापमान में भी गिरावट आई है। सोमवार को भोपाल का न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस, इंदौर का 23.5, ग्वालियर का 29.4 डिग्री और जबलपुर का न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं रविवार को भोपाल का अधिकतम तापमान 34.3 डिग्री सेल्सियस, इंदौर का 31.8 डिग्री सेल्सियस, ग्वालियर का 41.9 डिग्री सेल्सियस और जबलपुर का अधिकतम तापमान 36.3 डिग्री सेल्सियस रहा।