सपाक्स को मिला विजय वाते व पाराशर का साथ

प्रदेश में पदोन्नति में आरक्षण के विरोध में गठित सपाक्स संगठन को अब प्रदेश के नामी गिरामी आला अफसर रह चुके लोगों का साथ लगातार मिल रहा है। यही वजह है कि अब इस संगठन का कुनवा बढ़ता जा रहा है। इसमें आईएएस अफसर तो पहले से ही शामिल थे, लेकिन अब आईपीएस अफसर भी शामिल होने लगे हैं। इसकी शुरुआत सरकार के खिलाफ मुखर रहने वाले सेवानिवृत्त आईपीएस अफसर विजय वाते ने कर दी है। वे दो दिन पहले अपने साथी केडी पाराशर के साथ विधिवत रू प से सपाक्स से जुड़ गए हैं। ये दोनों सपाक्स समाज से जुडऩे वाले पहले आइपीएस अफसर हैं। वाते प्रदेश के कई जिलों में पुलिस अधीक्षक रहे और अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। वे साहित्य से भी जुड़े रहे और कई किताबें लिखी। आरक्षण की व्यवस्था में सुधार को लेकर आंदोलन चला रहे सपाक्स समाज से अब तक 12 आईएएस अफसर जुड़ चुके हैं।
आप में शामिल होंगे पूर्व वाइस एडमिरल
आम आदमी पार्टी के चुनाव अभियान से सेवानिवृत्त वाइस एडमिरल इंद्रशील सी राव जुड़ेंगे। आप के प्रदेश अध्यक्ष आलोक अग्रवाल ने बताया कि राव ने खुद ही मप्र में काम करने की इच्छा जताई है। अग्रवाल ने बताया कि पार्टी प्रदेश के हर घर में दस्तक देने का कार्यक्रम बना रही है। अभियान में दिल्ली के नेता भी शामिल होंगे।
ससपा अध्यक्ष बने मोहन चतुर्वेदी
सवर्ण समाज ने मोहन चतुर्वेदी को प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अर्चना श्रीवास्तव ने उन्हें नए सिरे से संगठन की नियुक्तियों की जिम्मेदारी सौंपी है।