रोड शो में चर्चा का विषय बनी सिंधिया के गले में नींबू-मिर्ची की माला

नीमच। मध्य प्रदेश में साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा-कांग्रेस की तैयारियां जोरों पर है। एक तरफ मुख्यमंत्री शिवराज जनता का आशीर्वाद लेने जनआशीर्वाद यात्रा निकाल रहे हैं, वही दूसरी तरफ प्रदेश कांग्रेस चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष व पूर्व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया प्रदेश भर में दौरे कर रहे हैं।चुनावी साल में दोनों दल के नेता एक दूसरे पर कड़ी नजर रखे हुए हे और मौका मिलते ही तंज कसने के साथ पलटवार करने से भी नहीं चूक रहे है।
दरअसल, शुक्रवार को प्रदेश कांग्रेस चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष व पूर्व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया नीमच जिले के दौरे पर जावद व मनासा पहुंचे।यहां सिंधिया ने पहले एक बड़ा रोड शो किया और फिर सभा को संबोधित। इस पूरे समय के दौरान उनके गले में पहनी हुई नींबू मिर्ची की माला चर्चा का विषय बनी रही। बताया जा रहा है की रोड शो में देर रात तक उमड़ी भीड़ के बाद सिंधिया और कांग्रेस को बुरी नजर से बचाने के लिए कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने सिंधिया को नीबू-मिर्च की माला पहनाई। वहीं चुनावी माहौल में भाजपा ने भी इस मुद्दे को लपक लिया है। और अब सियासी गलियारों में नीबू-मिर्ची की ही चर्चा हो रही है। भाजपा इसे टोना टोटके का नाम दे रही है।
नीबू मिर्ची की माला पहनने पर मंदसौर भाजपा विधायक यशपाल सिंह सिसोदिया ने सिंधिया पर हमला बोला है। उन्होंने कहा है कि आगामी विधानसभा चुनावों से कांग्रेस इस कदर डरी हुई है कि अब टोने टोटकों का सहारा ले रही है।इतना ही आगे सिसौदिया ने कहा कि आश्चर्य की बात यह कि जो खुद अपने नाम के आगे श्रीमंत लिखते हो वो खुद ऐसी माला पहन रहे हैं। विश्वास ही नही होता। अभी तो कांग्रेस केवल नींबू मिर्ची की माला पहन रहे हैं आगे शिवराज का जादू चलेगा तो इनको झाड़-फूंक भी करवाना पड़ेगा।