भाजपा के शीर्ष नेताओं की बैठक के दौरान सभी नेताओं को दी गई सख्त हिदायत
भोपाल/मंगल भारत

निगम-मंडलों में नियुक्तियों के बाद सामने आई गुटबाजी को प्रदेश भाजपा नेतृत्व ने गंभीरता से लिया है। प्रदेश भाजपा ने अपने नेताओं को साफ शब्दों में सख्त हिदायत दी कि व्यक्तिवाद की राजनीति को किसी कीमत पर सहन नहीं किया जाएगा। सभी को संगठन की लखन पर चलना होगा। जो इसे नहीं मानेगा, उसे दरकिनार कर दिया जाएगा। नेताओं का यह हिदायत बुधवार रात हुई भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की बैठक में ती गई। बैठक में सीएम डॉ. मोहन यादव, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, प्रदेश प्रभारी महेंद्र सिंह और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल मौजूद थे। बैठक से प्रदेश के अधिकतर सांसद, मंत्री, विधायक, निगम मंडलों के नवनियुक्त अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और अन्य पदाधिकारी वर्चुअली जुड़े। बैठक में कहा गया कि निगम-मंडलों में जो भी नियुक्तियां की गई हैं, वे व्यापक विचार-विमर्श और संगठन के अनुसार की गई हैं। इन नियुक्तियों का विरोध किसी भी स्तर पर नहीं होना चाहिए। संगठन के फैसले को सभी को मानना होगा। बैठक में यह भी कहा गया कि हम एकजुट हैं, तो एकजुटता बाहर भी नजर आनी चाहिए। गुटबाजी या व्यक्तिवाद की राजनीति का पार्टी में कोई स्थान नहीं है। सूत्रों की मानें तो बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि निगम-मंडल में जी नियुक्तियां की गई हैं वे सभी के समन्वय से की गई हैं। उन्होंने निगम- मंडल, प्राधिकरण और आयोगों के अध्यक्ष समेत सभी पदाधिकारियों को समन्वय से काम करने और सभी को साथ लेकर चलने के लिए कहा। गौरतलब है कि निगम-मंडल में कुछ नेताओं की नियुक्तियों को लेकर स्थानीय स्तर पर कुछ नेता पर्दे के पीछे से विरोध करवा रहे थे। इसे पार्टी ने गंभीरता से लिया है और ऐसे नेताओं को समझाइश दी गई है कि वे विरोध की बजाय नियुक्तियों का स्वागत करें, क्योंकि यह पार्टी का फैसला है। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि ये नेता जल्द ही अपने-अपने जिलों में दौरे पर जाएंगे। इस दौरान सभी नेता एकजुटता का प्रदर्शन करते हुए उनका स्वागत करें और होर्डिंग्स, बैनर आदि में व्यक्तिवादी राजनीति नजर न आए, इसका विशेष ध्यान रखें।
कोर ग्रुप की बैठकें अनिवार्य रूप से हों
बैठक में यह बात सामने आई की मंत्री, विधायक कोर ग्रुप की बैठकों के लिए समय नहीं दे पाते। इस पर प्रदेश नेतृत्व ने वर्चुअली जुड़े मंत्री, विधायकों से स्पष्ट कहा कि कोर ग्रुप की बैठक नियत समय पर अनिवार्य रूप से आयोजित की जाए। सभी मंत्री, विधायक और अपेक्षित पदाधिकारी इसमें हर हाल में शामिल हो। बैठक के एजेंडा पर गंभीरता से चर्चा करने के साथ ही आगे के कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करें।
स्थानीय निकाय चुनाव पर अभी से करें फोकस
बैठक में कहा गया कि प्रदेश में अगले साल नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव होना है। स्थानीय निकाय चुनाव हमारे लिए बेहद महत्वपूर्ण है। इन चुनावों में हार-जीत का सीधा असर विधानसभा चुनाव पर पड़ता है। इसलिए सभी नेता अभी से स्थानीय निकाय चुनाव पर फोकस करें। इसकी व्यापक तैयारियां शुरू करें। हमें हर हाल में स्थानीय निकाय चुनाव में जीत दर्ज करनी है।