सीबीएसई की कक्षा 12वीं के रिजल्ट के बाद शुरू हुई कॉपियों के

री-चेकिंग की प्रक्रिया बड़े विवाद में बदल गई है। साल 2026 में फीस में की गई भारी कटौती के बाद कॉपियों की स्कैन कॉपी (फोटो) हासिल करने के लिए छात्रों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जिसके कारण बोर्ड का मुख्य सर्वर क्रैश हो गया। भारी ट्रैफिक के चलते बोर्ड ने इसकी आखिरी तारीख बढ़ाकर रविवार की थी, लेकिन आखिरी दिन भी पोर्टल पर तकनीकी खराबी के चलते छात्रों के खातों से गलत पैसे कटने का बड़ा मामला सामने आया है। मामला तब और गंभीर हो गया जब पोर्टल पर पेमेंट के दौरान छात्रों के खातों से गलत पैसे कटने लगे। सोशल मीडिया पर मचे भारी बवाल के बाद केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने खुद संज्ञान लेते हुए सीबीएसई से विस्तृत रिपोर्ट मांगी थी। इसके तुरंत बाद, सीबीएसई के परीक्षा नियंत्रक डॉ. संयम भारद्वाज ने एक आधिकारिक नोटिस जारी कर बड़ी राहत की घोषणा की है। सीबीएसई ने स्वीकार किया है कि तकनीकी गड़बड़ी के कारण कई छात्रों से अधिक राशि वसूल ली गई है। बोर्ड ने भरोसा दिया है कि जिन छात्रों के खातों से भी एक्स्ट्रा पैसे कटे हैं, उन्हें उसी मूल भुगतान माध्यम से पूरा पैसा रिफंड कर दिया जाएगा। छात्रों को इसके लिए कोई अलग से आवेदन करने की जरूरत नहीं है।