70 साल पुराने आशियाने पर दबंगों का ताला: बुजुर्ग को पीटा, गला दबाकर जान से मारने की कोशिश, रसूख के आगे बहरी पुलिस मौन!

सीधी (मध्य प्रदेश)।जिला सीधी के तहसील बहरी अंतर्गत ग्राम कुचवाही से मानवीय संवेदनाओं को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ मध्य प्रदेश शासन की आराजी खसरा नंबर 382 की भूमि पर पिछले 70 वर्षों से घर बनाकर रह रहे एक अत्यंत गरीब और बेसहारा बुजुर्ग श्री निवास गुप्ता (पिता महावीर गुप्ता) को गाँव के ही कुछ रसूखदार दबंगों द्वारा न सिर्फ बेरहमी से पीटा गया, बल्कि उनके घर पर जबरन ताला लगाकर उन्हें बेघर कर दिया गया है। पीड़ित बुजुर्ग अब न्याय के लिए दर-दर की ठोकरें खाने को मजबूर है।घर में घुसकर किया जानलेवा हमला, दबाया गलापीड़ित श्री निवास गुप्ता ने बताया कि आगामी 28 मई को ग्राम कुचवाही के निवासी राघव प्रसाद गुप्ता (पिता कंठु प्रसाद गुप्ता), अनिल गुप्ता (पिता राघव प्रसाद गुप्ता), अमित गुप्ता और छोटू गुप्ता (दोनों पिता अनिल गुप्ता) लाठी-डंडों से लैस होकर अचानक उनके घर में घुस गए। दबंगों ने बुजुर्ग के साथ गाली-गलौज करते हुए लात-घूंसों से मारपीट शुरू कर दी। विवाद के दौरान आरोपियों ने बुजुर्ग का गला दबाकर उन्हें जान से मारने का प्रयास भी किया।सरकारी जमीन को बता रहे खुद का पट्टा, लगाया तालाबुजुर्ग श्री निवास गुप्ता का आरोप है कि जिस भूमि पर वह अपनी सात दशकों की जिंदगी गुजार चुके हैं, वह मध्य प्रदेश शासन की शासकीय भूमि है। लेकिन आरोपी इस सरकारी जमीन पर गिद्ध दृष्टि गड़ाए हुए हैं और इसे अपने पट्टे की भूमि बताकर बुजुर्ग को बेदखल करना चाहते हैं। मारपीट करने के बाद दबंगों ने बुजुर्ग को घर से बाहर खदेड़ दिया और उनके आशियाने के मुख्य दरवाजे पर अपना ताला जड़ दिया।’Dial 112′ पर शिकायत के बाद भी बहरी पुलिस सुस्तपीड़ित बुजुर्ग ने घटना के तुरंत बाद पुलिस आपातकालीन सेवा 112 (Dial 112) पर कॉल करके पूरी घटना की जानकारी दी थी। मौके पर शिकायत दर्ज होने के बावजूद स्थानीय बहरी थाना पुलिस ने मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया है। घटना के कई दिन बीत जाने के बाद भी आरोपियों पर कोई ठोस कानूनी कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे दबंगों के हौसले बुलंद हैं और पीड़ित बुजुर्ग खौफ के साए में जीने को मजबूर है।प्रशासन से न्याय की गुहारपीड़ित बुजुर्ग के पास इस आशियाने के अलावा सिर छुपाने के लिए कोई दूसरा ठिकाना नहीं है। पीड़ित ने जिला प्रशासन, पुलिस अधीक्षक (SP) सीधी और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन से इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की है। बुजुर्ग ने गुहार लगाई है कि दबंगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए, उनके घर का ताला खुलवाया जाए और उन्हें सुरक्षा प्रदान की जाए।