कलेक्टर के निर्देश पर सुलझा विवाद, ग्राम बड़खरा में महान ट्रांसमिशन का कार्य पुनः शुरू.सीधी.

कलेक्टर के निर्देश पर सुलझा विवाद, ग्राम बड़खरा में महान ट्रांसमिशन का कार्य पुनः शुरू.

मंगल भारत:रामपुर नैकिन। विकासखंड रामपुर नैकिन अंतर्गत ग्राम बड़खरा में महान ट्रांसमिशन प्राइवेट लिमिटेड के निर्माण कार्य को लेकर ग्रामीणों और कंपनी के बीच चल रहा विवाद प्रशासनिक पहल के बाद सुलझ गया है। ग्रामीणों द्वारा विभिन्न मांगों एवं आपत्तियों को लेकर पिछले कुछ दिनों से कंपनी का कार्य रोक दिया गया था, जिससे परियोजना प्रभावित हो रही थी।
कलेक्टर के निर्देश पर प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए ग्रामीणों और कंपनी प्रतिनिधियों के बीच संवाद स्थापित किया। इसी क्रम में नायब तहसीलदार महेंद्र द्विवेदी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से चर्चा कर उनकी समस्याओं एवं मांगों को सुना। प्रशासनिक प्रयासों के बाद दोनों पक्षों के बीच सहमति बनी, जिसके परिणामस्वरूप विवाद का समाधान निकल सका और कार्य पुनः प्रारंभ हो गया।
कंपनी के अधिकारियों ने बताया कि परियोजना शासन की गाइडलाइन एवं निर्धारित नियमों के अनुसार संचालित की जा रही है। उनका कहना है कि विद्युत ट्रांसमिशन जैसी आधारभूत संरचना के विकास से क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और भविष्य में बड़ी कंपनियों के आने की संभावनाएं बढ़ेंगी, जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे तथा क्षेत्र का समग्र विकास होगा

*इस संबंध में महान ट्रांसमिशन प्राइवेट लिमिटेड के प्रोजेक्ट मैनेजर रोहित सिंह ने बताया कि वे स्वयं ग्रामीणों और किसानों के बीच जाकर संवाद स्थापित करते हैं तथा उनकी समस्याओं को सुनते हैं। उन्होंने कहा, “मैं स्वयं घर-घर जाकर किसानों से मिलता हूं और उन्हें परियोजना की जानकारी देता हूं। ट्रांसमिशन लाइन और टावर निर्माण के बाद क्षेत्र में नई-नई कंपनियों के आने का मार्ग प्रशस्त होगा। इससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और पूरे क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी*
ग्रामीणों ने भी उम्मीद जताई कि प्रशासन और कंपनी द्वारा दिए गए आश्वासनों का समयबद्ध पालन किया जाएगा। वहीं प्रशासन ने सभी पक्षों से आपसी समन्वय बनाए रखते हुए विकास कार्यों में सहयोग करने की अपील की है।
ग्रामीणों, प्रशासन और कंपनी के बीच बनी सहमति के बाद अब परियोजना का कार्य फिर से गति पकड़ने लगा है। इसे क्षेत्र में विकास, रोजगार और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।