मीनाक्षी का पर्चा निरस्त होने पर कांग्रेस में कलह

पूर्व विधायक ने पार्टी नेतृत्व पर उठाए सवाल

भोपाल/मंगल भारत। मप्र में राज्यसभा की तीसरी सीट के लिए कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त होने के बाद पार्टी के भीतर से ही सवाल उठने लगे हैं। राजगढ़ जिले के ब्यावरा से विधायक रहे पुरुषोत्तम दांगी ने इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी से पूछा कि यह चूक है या कोई फिक्सिंग? उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश अध्यक्ष चुनावी रणनीति नहीं बल्कि प्रयोगशाला चला रहे।
इंटरनेट मीडिया के जरिए साधा निशाना: बुधवार शाम को पुरुषोत्तम दांगी ने अपनी फेसबुक आईडी से एक के बाद एक तीन पोस्ट की। उन्होंने लिखा कि ग्राम पंचायत चुनाव में भी लोग डमी उम्मीदवार खड़ा कर देते हैं, लोकसभा चुनाव में इंदौर से कांग्रेस प्रत्याशी नाम वापस ले लेते हैं, और अब राज्यसभा चुनाव में नामांकन ही निरस्त हो गया। लगता है कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष चुनावी रणनीति नहीं, बल्कि प्रयोगशाला चला रहे हैं!
विधायकों को बेंगलुरु भेजने में देरी पर भी घेरा
पूर्व विधायक दांगी ने कहा कि यह सब सुनियोजित था। विधायकों को सुबह कर्नाटक भेजना था। 12 बजे तक सभी जा चुके होते, लेकिन किसी न किसी तरह से उन्हें दोपहर बाद तक रोका गया। जब तक फार्म निरस्त होने की सूचना नहीं आ गई तब तक वहीं रनवे के ऊपर रखा गया। क्योंकि पता था कि यदि वह चले जाते तो पार्टी का या किसी का भी खर्चा होता। जरूरी नहीं कि विधायक फार्म निरस्त होने के तत्काल बाद आ ही जाते। क्योंकि वह कुछ दिनों के लिए जा रहे थे। जब पंचायत जैसे छोटे चुनावों में भी डमी फार्म डालते हैं तो फिर यहां क्यों नहीं डाला? सब पहले से तय था।