जंगल में मिला रहस्यमयी कंकाल, इलाके में सनसनी.सीधी.
तेन्दू के पेड़ के नीचे पड़ा मिला अज्ञात शव, डीएनए जांच के लिए भेजा गया कंकाल.
चुरहट पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच, पहचान और मौत के कारणों का इंतजार.

मंगल भारत/सीधी/चुरहट। जिले के चुरहट थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कोष्टा-पवाई के जंगल में एक अज्ञात व्यक्ति का कंकाल मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। तेन्दू के पेड़ के नीचे पड़े कंकाल की सूचना मिलते ही चुरहट पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी। कंकाल की स्थिति अत्यंत जर्जर होने के कारण मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने अवशेषों को पोस्टमार्टम एवं डीएनए जांच के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार ग्राम कोष्टा कोठार निवासी दिलीप सिंह बघेल (37) ने थाना चुरहट में सूचना दी कि 30 जून की दोपहर करीब 3 बजे गांव का मुन्ना कोरी बकरियां चराने कोष्टा-पवाई के जंगल गया था। इसी दौरान उसकी नजर तेन्दू के पेड़ के नीचे पड़े एक कंकाल पर पड़ी। उसने तत्काल गांव लौटकर इसकी जानकारी ग्रामीणों को दी। सूचना मिलने पर दिलीप सिंह मौके पर पहुंचे तो देखा कि शव पूरी तरह सड़-गल चुका था और कंकाल जैसी अवस्था में था। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
चुरहट पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा तैयार किया तथा मर्ग क्रमांक 36/26, धारा 194 बीएनएसएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। घटनास्थल से मृतक के कपड़े और जूते भी बरामद किए गए हैं, जिनके आधार पर पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
बकरियां चराने गया युवक बना पहला प्रत्यक्षदर्शी
ग्रामीण मुन्ना कोरी रोज की तरह जंगल में बकरियां चराने गया था। इसी दौरान उसे तेन्दू के पेड़ के नीचे मानव कंकाल दिखाई दिया। उसने बिना देर किए गांव पहुंचकर ग्रामीणों को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस को मामले की जानकारी दी गई।
डीएनए जांच से खुलेगा पहचान का राज
शव पूरी तरह कंकाल में बदल जाने के कारण पुलिस फिलहाल मृतक के लिंग, आयु और पहचान को लेकर कोई निष्कर्ष नहीं निकाल रही है। पोस्टमार्टम और डीएनए जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि कंकाल महिला का है या पुरुष का तथा मृत्यु किन परिस्थितियों में हुई।
क्या बोलीं थाना प्रभारी
“सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मर्ग कायम कर कंकाल को पोस्टमार्टम एवं डीएनए जांच के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि कंकाल महिला का है या पुरुष का तथा उसकी आयु क्या है। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।”
— श्रीमती रीता त्रिपाठी, थाना प्रभारी, चुरहट