पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल के निर्देश पर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने कांग्रेस ने किया चुरहट थाने का घेराव.सीधी.

पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल के निर्देश पर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने कांग्रेस ने किया चुरहट थाने का घेराव.सीधी.

पीड़ित परिवार को न्याय मिलने तक कांग्रेस का संघर्ष रहेगा जारी : ज्ञान सिंह.

मंगल भारत/चुरहट/सीधी/पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं चुरहट विधायक अजय सिंह राहुल के निर्देशानुसार जिला कांग्रेस कमेटी सीधी ने मंगलवार को चुरहट थाना अंतर्गत ग्राम मवई (बघेड़ा) निवासी राजराखन साकेत की पुत्री प्रियंका साकेत की संदिग्ध मौत के मामले में चुरहट थाने का घेराव कर प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्ञान सिंह के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में विशेष रूप से उपस्थित चुरहट विधानसभा प्रभारी शिवप्रसाद प्रधान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक शामिल हुए। कार्यक्रम में मृतका के पिता राजराखन साकेत (हुब्बलाल), मृतका की बहन तथा अन्य परिजन भी उपस्थित रहे और उन्होंने कांग्रेस नेताओं के साथ न्याय की मांग उठाई.

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी, मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच तथा लापरवाही बरतने वाले पुलिस अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन के पश्चात कलेक्टर सीधी के नाम ज्ञापन सौंपकर जिले में बिगड़ती कानून-व्यवस्था और लगातार बढ़ते अपराधों पर चिंता व्यक्त की गई।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्ञान सिंह ने कहा कि चुरहट क्षेत्र की इस हृदयविदारक घटना ने पूरे जिले को झकझोर दिया है.

यदि पुलिस ने समय रहते संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ कार्रवाई की होती तो शायद आज यह स्थिति नहीं बनती। उन्होंने आरोप लगाया कि इस पूरे मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली से आमजन का विश्वास कमजोर हुआ है। कांग्रेस पीड़ित परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है और न्याय मिलने तक हर स्तर पर संघर्ष जारी रखेगी।
ज्ञान सिंह ने कहा कि सीधी जिले में हत्या, बलात्कार, महिलाओं के विरुद्ध अपराध, गुमशुदगी और नशे के अवैध कारोबार की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में जिला प्रशासन और पुलिस विफल साबित हो रहे हैं। यदि समय रहते अपराधियों पर कठोर कार्रवाई होती तो ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सकता था।
उन्होंने कहा कि यह आंदोलन पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं चुरहट विधायक अजय सिंह राहुल के निर्देशानुसार आयोजित किया गया है। कांग्रेस जनता की आवाज लोकतांत्रिक तरीके से उठाने के लिए प्रतिबद्ध है। यदि दोषियों पर कठोर कार्रवाई नहीं हुई और कानून-व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
चुरहट विधानसभा प्रभारी शिवप्रसाद प्रधान ने कहा कि यह केवल एक परिवार की लड़ाई नहीं, बल्कि क्षेत्र की हर बेटी की सुरक्षा और न्याय का प्रश्न है। कांग्रेस किसी भी दोषी को बचने नहीं देगी तथा पीड़ित परिवार के साथ हर कदम पर खड़ी रहेगी।
*ज्ञापन में उठाई गईं प्रमुख मांगें*
कलेक्टर के नाम सौंपे गए ज्ञापन में कांग्रेस ने मांग कि है—
प्रियंका साकेत की मौत की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कर वास्तविक दोषियों को कड़ी सजा दिलाई जाए।
पीड़ित परिवार को 15 लाख रुपये का मुआवजा तथा आवास की सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
चुरहट क्षेत्र में शराब, गांजा एवं अन्य नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाए।
ग्राम बड़खरा निवासी धर्मपाल पटेल की लगभग पांच माह पूर्व हुई हत्या के मामले की जांच सार्वजनिक कर दोषियों पर कार्रवाई की जाए।
हाल ही में नहर में मिले युवक के शव की भी निष्पक्ष जांच कर मौत के कारणों का खुलासा किया जाए।
जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।

*मेरी बेटी के दोषियों को सजा मिले, यही हमारी मांग है:- राजराखन साकेत (पिता)*
कांग्रेस के प्रदर्शन में शामिल मृतका के पिता राजराखन साकेत (हुब्बलाल) ने कहा कि उनकी बेटी के साथ जो हुआ, उसने पूरे परिवार को तोड़ दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि पुलिस ने समय पर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर तत्काल कार्रवाई की होती तो शायद उनकी बेटी आज जीवित होती। उन्होंने कहा कि उनका परिवार केवल न्याय चाहता है और दोषियों को कठोर सजा मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा।
*मेरी बहन के साथ जो हुआ, किसी और बेटी के साथ न हो” — मृतका की बहन*
मृतका की बहन ने कहा कि परिवार आज भी अपनी बहन को न्याय दिलाने की उम्मीद लगाए हुए है। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों को कड़ी सजा दिलाने की मांग की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने जिस तरह परिवार की आवाज को उठाया है, उससे उन्हें न्याय की उम्मीद और मजबूत हुई है।
*उपस्थित रहे*
रुद्रप्रताप सिंह बाबा, राजेंद्र भदौरिया, दानबहादुर सिंह, एड विनोद वर्मा, ज्ञानेंद्र अग्निहोत्री, कमलेश सिंह, अरुण तिवारी सरपंच कुडिया मोनिका गुप्ता, अजय पाण्डेय, कमलेश्वर सिंह, प्रदीप सिंह, रामभिलाष पटेल, शिवकुमार सिंह गोंड, प्रदीप द्विवेदी, बैजनाथ सिंह, करुण सिंह, अरविंद सिंह, रतिभान पटेल, के. डी. सिंह, अजय भारती, उर्मिला साकेत, शंकर पटेल, चंद्रशेखर साकेत, सुरेश साकेत, प्रफुल्ल पाण्डेय, अहमद रजा मंसूरी, वसुधा सिंह, नागेश्वर साकेत, प्रभात सिंह राजन, नीरज सिंह, प्रभात सिंह, चंद्रमणि पाण्डेय, अफजल खा, रामसुमिरन सेन सहित कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।