शाह ने बूथ कार्यकर्ताओं को दिया जीत का मंत्र

भोपाल। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने आज प्रदेश की 230 विधानसभा में आयोजित सम्मेलन में बूथ कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। विधानसभा स्तर पर आयोजित सम्मेलनों में सुबह 9.30 बजे राष्ट्रीय अध्यक्ष एलईडी के माध्यम से कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ जीतने पर पूरा फोकस करने को कहा। शाह ने कहा कि जीत का मूल मंत्र है ‘बूथ जीता

चुनाव जीताÓ। सम्मेलन में शाह ने हर विधानसभा के बूथ संयोजक बीएलए 1, बीएलए 2, बूथ समिति के कार्यकर्ता एवं विधानसभा में निवासरत पदाधिकारियों से बात की। इस दौरान शाह ने शिवराज सरकार की उपलब्धियों को गिनाया और कांग्रेस की नाकामी को उजागर किया।

सभी वर्गों का कल्याण कर रही शिवराज सरकार
शाह ने कहा कि शिवराज सरकार जन्म से लेकर अंतिम संस्कार तक निर्धनों के साथ मजबूती के साथ खड़ी है। बच्चों की शिक्षा फ्री की गई, महिलाओं को तमाम सुविधाएं दी जा रही हैं। गरीबों की सुविधाओं का हर ख्याल रखा जा रहा है।

विस चुनाव बेहद अहम
शाह ने कहा कि मप्र समेत अन्य राज्यों का चुनाव बेहद अहम है। यह आने वाले चुनाव की दिशा तय करेगा। कांग्रेस ने 70 साल के शासन में देश को गर्त में धकेल दिया। मोदी सरकार ने आने के बाद हर क्षेत्र में प्रगति की है, मगर पांच साल का समय पर्याप्त नहीं है। इसलिए 2019 का चुनाव जीतकर भाजपा और मोदी के हाथ को मजबूत करना जरूरी है। पंचायत से लेकर संसद तक भाजपा का परचम फहराना हर कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है और हमें यह काम करना ही होगा।