मप्र में कांग्रेस का दावेदार कौन?

मध्य प्रदेश में कांग्रेस पार्टी का मुख्यमंत्री पद का दावेदार कौन है? यह लाख टके का सवाल है और चुनाव की घोषणा से पहले ही इस बारे में पूछा जा रहा है। भाजपा के नेता भी यह पूछ रहे हैं कि शिवराज सिंह चौहान के मुकाबले कौन चेहरा है। पर कांग्रेस इस बारे में स्थिति स्पष्ट नहीं कर रही है। फिर भी मोटे तौर पर तीन चेहरों की चर्चा है। कमलनाथ, ज्योतिरादित्य सिंधिया और दिग्विजय सिंह को दावेदार माना जा रहा है।

दिग्विजय सिंह बार बार अपनी दावेदारी खारिज कर रहे हैं। उन्होंने ताजा इंटरव्यू में कहा है कि वे मध्य प्रदेश में अपनी पारी खेल चुके हैं। पर कमलनाथ और सिंधिया की दावेदारी के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने यह कह कर सस्पेंस बढ़ा दिया है कि और भी चेहरे हैं, जो मुख्यमंत्री हो सकते हैं। आमतौर पर प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ और चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष ज्योतिरादित्य सिंधिया को ही दावेदार माना जा रहा है।

दिग्विजय के बयान के बाद नए चेहरों पर भी अटकलें लगने लगी हैं। इस बीच कांग्रेस ने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव को बुधनी विधानसभा सीट पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के मुकाबले उतार दिया है। उनके लिए यह सीट जीतना मुश्किल है पर उम्मीदवार बनाए जाने के बाद ही उनको मुख्यमंत्री पद के दावेदार के तौर पर देखा जाने लगा है। शिवराज सिंह चौहान भी इसी तरह दिग्विजय के खिलाफ चुनाव लड़े थे और तीन साल बाद मुख्यमंत्री भी बन गए थे।