उत्तराखंड: बस खाई में गिरने से दर्दनाक हादसा, 11 यात्रियों की मौत, 14 यात्री घायल

देहरादून उत्तराखंड में रविवार को दर्दनाक हादसा हो गया। खाई से गिर कर बस यमुना नदी में जा गिरी। उत्तरकाशी के नौगांव से विकासनगर जा रही एक निजी बस के खाई में गिरने से 11 यात्रियों की मौत हो गई। जबकि 14 यात्री घायल हैं। घायलों को डामटा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां पांच की हालत गंभीर बनी हुई है।
जानकारी के मुताबिक हादसा आज करीब 12:30 बजे यमुनोत्री हाईवे पर डामटा क्षेत्र के पास हुआ। निजी कंपनी की बस सुबह जानकीचट्टी से बड़कोट होते हुए विकासनगर जा रही थी। डामटा पहुंचने से पहले किमथात में चालक संतुलन खो बैठा और बस डेढ़ सौ मीटर गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे की सूचना पर डामटा और नौगांव पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के साथ मिलकर रेस्क्यू शुरू किया। सूचना के बाद एसडीआरएफ का 18 सदस्यीय दल मौके के लिए रवाना हुआ। चार जवान हेलीकॉप्टर से भेजे गए।
खाई से 9 शव निकाले गए, जबकि अस्पताल ले जाते वक्त दो यात्रियों की मौत हो गई। साथ ही 14 घायलों को डामटा अस्पताल पहुंचाया गया। पांच गंभीर घायलों को देहरादून लाने की तैयारी की जा रही है। बस में 25 यात्री सवार बताए जा रहे हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार मरने वालों की संख्या और बढ़ सकती है।