मध्यप्रदेश में चौथी बार इसलिए बनेगी भाजपा सरकार!

मध्यप्रदेश में चौथी बार इसलिए बनेगी भाजपा सरकार!

मध्यप्रदेश में चौथी बार इसलिए बनेगी भाजपा सरकार!

भोपाल. मध्यप्रदेश में किसकी सरकार बनेगी इसका फैसला जनता को करना है। नेता अपनी-अपनी पार्टी की सरकार बनाने का दावा कर रहे हैं। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयगर्गीय ने अपने ब्लॉग में एक लेख लिखा है। उन्होंने इस ब्लॉग मे बताया है कि आखिर मध्यप्रदेश में फिर से भाजपा की सरकार क्यों बनेगी। वहीं, उन्होंने ये भी लिखा है कि मध्यप्रदेश में कांग्रेस हर बार की तरह इस बार भी झूठ फैला रही है और उसे सपने देखने का पूरा हम है सपने देखना बुरी बात नहीं है।

कैलाश विजयवर्गीय का ब्लॉग

मध्यप्रदेश के विधानसभा चुनाव में इस बार सच और झूठ का फैसला होना है। सच वो जो प्रदेश की जनता ने 15 साल में देखा है और झूठ वो कांग्रेस हमेशा बोलती आई है। कांग्रेस का वचन-पत्र उसी झूठ का प्रतीक है। प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी का आधार बहुत मजबूत है। इतना मजबूत कि उसे झूठे वादे डिगा नहीं सकते। डेढ दशक तक जनता के सुख-दुःख में सहभागी रही मध्यप्रदेश सरकार ने अपने वादों और घोषणाओं से आगे जाकर काम किए हैं। प्रदेश में चौथी बार भाजपा ही अपनी सरकार बनाएगी, इसमें कोई शक नहीं! मुझे विश्वास है कि प्रदेश सरकार के कामकाज से जनता में उसके प्रति विश्वास प्रबल हुआ है। जनता का यही विश्वास इस बार के विधानसभा चुनाव में उसकी जीत का आधार बनेगा।

सपने देखना बुरी बात नहीं: भाजपा हमेशा ही राजनीति से परे हटकर विकास का ध्यान रखती आई है। क्योंकि, विकास ही किसी सरकार के कामकाज के मूल्यांकन का सबसे बड़ा पैमाना होता है। सिर्फ मध्यप्रदेश ही नहीं, जहां भी भाजपा सरकारें हैं, वहां विकास को लेकर कभी कोताही नहीं बरती गई। लगातार तीन बार मध्यप्रदेश के मतदाताओं द्वारा भाजपा को सरकार बनाने का मौका देना ही इस बात का प्रत्यक्ष प्रमाण है, कि जनता के दिल में भाजपा के प्रति विश्वास काफी गहरा है। इतना गहरा कि ये प्रतिद्वंदी के झूठे प्रलोभनों और दिवा स्वप्नों से भी वो डिगने वाला नहीं! इस बार प्रतिद्वंदी कांग्रेस को ये ग़लतफ़हमी है कि प्रदेश की जनता भाजपा को हटाकर उसे मौका देगी! सपने देखना बुरी बात नहीं है। कांग्रेस नेताओं को भी ऐसे सपने देखने का पूरा हक़ है, लेकिन वे खुद मूल्यांकन करें कि जनता ऐसा क्यों करे? केंद्र में नरेंद्र मोदी सरकार के चार साल के कार्यकाल और मध्यप्रदेश में डेढ़ दशक के भाजपा सरकार के कार्यकाल की तुलना क्या कांग्रेस की किसी भी सरकार कार्यकाल से की जा सकती है? आपसे भी सवाल करूँ तो आपका जवाब भी वही होगा जो मैं सोचता हूँ।

जनता को दिखाई देता है भाजपा का काम: सरकार की सबसे बड़ी खासियत ये है कि उसका कामकाज जनता को दिखाई देता है। जब भाजपा सरकार जनता की जरुरत और भावना के अनुरूप काम कर रही है, तो फिर जनता किसी ऐसी पार्टी को सरकार बनाने का मौका क्यों दे, जिसके एक बड़े नेता को ‘बंटाढार’ का तमगा मिला हुआ है! एक समय था जब देशभर में मध्यप्रदेश ख़राब सड़कों के लिए बदनाम था, आज वो स्थिति नहीं है। बिजली को लेकर शहर में स्टूडेंट से लगाकर गाँव के किसान तक परेशान थे! आज मध्यप्रदेश में बिजली का उत्पादन इतना है कि हम दूसरे राज्यों को रोशन कर रहे हैं। समाज में झूठ की गंदगी फैलाने, लोगों को भरमाने और झूठे वादे करने वालों की कमी नहीं है। चुनाव की इस फ़िज़ां में चारों तरफ झूठ के बादल छाए हुए हैं। ऐसे कई नेता हैं, जो जनता को मूर्ख बनाने के लिए झूठ का सहारा ले रहे हैं। ऐसे में उम्मीद की किरण सिर्फ भाजपा ही है जिसने जो वादा किया वो पूरा किया!