धर्मसभा : दो लाख रामभक्तों के आने का दावा

अयोध्या संघ व विहिप ने धर्मसभा को ऐतिहासिक बनाने में पूरी ताकत झोंक दी है। सभा में करीब दो लाख रामभक्तों को जुटाने का लक्ष्य है। इसको लेकर विहिप व संघ सहित भाजपा की टीम पूरी ताकत से जुटी है। धर्मसभा के लिए नौ लाख 60 हजार वर्ग फीट का मैदान तैयार है।


आठ लाख वर्गफीट में रामभक्तों का जमावड़ा होगा तो वहीं एक लाख 60 हजार वर्गफीट में मंच, सुरक्षा घेरा और रास्ता बनाने की मैपिंग प्रशासन व खुफिया विभाग की टीमों ने की है। रामभक्तों के लिए भोजन व प्रवास की व्यवस्था की जा रही है। ढाई लाख लंच पैकेट तैयार किए जा रहे हैं, 13 स्थानों पर पार्किंग के साथ, धर्मसभा में पांच द्वार बनाए गए हैं।

धर्मसभा की व्यवस्था को फूलप्रूफ बनाने में विहिप सहित प्रशासनिक टीम पूरी तत्परता से जुटी हुई है। 9 लाख 60 हजार वर्गफीट में विहिप की धर्मसभा होने जा रही है, जिसमें करीब दो लाख रामभक्तों का जमावड़ा हो सकता है।

1 लाख 60 हजार वर्ग फिट में मंच सुरक्षा घेरा और रास्ता बनाने की मैपिंग की जा चुकी है। संतों, रामभक्तों के लिए अलग से मंच बनाए जा रहे हैं। 75 फुट लंबा व 35 फुट चौड़े मंच पर 200 संतों के बैठने की व्यवस्था होगी।
धर्मसभा की तैयारियों की मॉनीटरिंग संघ एवं विहिप के प्रमुख पदाधिकारी स्वयं कर रहे हैं। विहिप के अंतरराष्ट्रीय उपाध्यक्ष चंपत राय सुबह से लेकर शाम तक धर्मसभा स्थल पर ही डटे रहते हैं, और तैयारियों पर नजर रख रहे हैं।

चंपत राय ने कहा कि धर्मसभा सरकार व न्यायालय को जगाने का काम करेगी। केंद्रीय मंत्री राजेंद्र सिंह पंकज, संगठन मंत्री अंबरीश सिंह, संघ कार्यवाह डॉक्टर अनिल मिश्र, सांसद लल्लू सिंह, महापौर ऋषिकेश उपाध्याय, विधायक वेद गुप्ता सहित बजरंगदल, विद्याभारती सहित अन्य संगठन के कार्यकर्ता तैयारियों को अंजाम देने में जुटे हैं।