अब राजस्थान के प्रचार में कूदे शिवराज,- बोले- कांग्रेस आई तो प्रदेश से बिजली गई, सड़क गई

अब राजस्थान के प्रचार में कूदे शिवराज,- बोले- कांग्रेस आई तो प्रदेश से बिजली गई, सड़क गई.

अब राजस्थान के प्रचार में कूदे शिवराज,- बोले- कांग्रेस आई तो प्रदेश से बिजली गई, सड़क गई

झालावाड़/भरतपुर/भोपाल। मध्यप्रदेश में चुनाव खत्म होने के बाद अब मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान राजस्थान में सक्रिय हो गए हैं। वे राजस्थान चुनाव में भाजपा के स्टार प्रचारक हैं।

राजस्थान के भरतपुर में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को भाजपा प्रत्याशी रामस्वरूप कोली के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने राजस्थान की वसुंधरा राजे सरकार के विकास कार्यों की सराहना करते हुए राज्य के विकास के लिए नागरिकों से आशीर्वाद मांगा। शिवराज ने कहा कि कांग्रेस ने राजस्थान को अंधेरों का प्रदेश बना दिया। बिजली नाममात्र ही आती है। सड़क में गड्ढे और गड्ढे में सड़क का पता ही नहीं चलता। कांग्रेस आई बिजली गई, सड़क गई। वसुंधरा आईं तो क्षेत्र में गौरव पथ का निर्माण कर दिया। साढ़े चार लाख करोड़ रुपए की लागत से प्रदेश में गौरव पथ बनाए और प्रदेश में विकास किया।

शिवराज ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने हिन्दुत्व को जीवन्त कर दिया। उन्होंने कहा कि राहुल जब तक मोदी का 100 बार नाम नहीं ले लेते तब तक उन्हें नींद नहीं आती है। हम अपनी सभाओं में भारत माता की जय बोलते हैं, जबकि कांग्रेस में सोनिया गांधी की जय बोला जाता है।

और क्या बोले शिवराज
शिवराज ने जम्मू कश्मीर के मुद्दे पर कहा कि यह समस्या कांग्रेस की देन है। जिस समय भारत स्वतंत्र हुआ था, तब जम्मू कश्मीर का मासला नेहरू के हाथ में था। यदि यह मामला सरदार वल्लभभाई पटेल के हाथ में होता तो आज पूरा जम्मू-कश्मीर भारत के पास होता। नेहरू ने युद्ध कराया तब एक बटा तीन हिस्सा पाक में चले गया।

मोदी की जमकर तारीफ की
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री की तारीफों भी पुल बांधे। उन्होने कहा कि पीएम ने विदेशों में देश का स्वाभिमान बढाया। विदेशों में पहले मनमोहन सिंह जाते थे तो तब पता ही नहीं चलता था कि प्रधानमंत्री पहुंचा है, लेकिन नरेन्द्र मोदी कहीं भी जाते हैं, तो भारत माता की जयकारे लगते हैं और मोदी-मोदी के नारे लगते है। मोदी ने देश का विकास किया और भ्रष्टाचार मिटाया।

यहां भी हुई सभा
चौहान ने झालावाड़ में भाजपा प्रत्याशी नरेंद्र नागर के समर्थन में प्रचार किया। मुख्यमंत्री राजस्थान के स्टार प्रचारक भी हैं।