छत्तीसगढ़ का एग्जिट पोल, 10 में से 6 ने दिखाई भाजपा की जीत

रायपुर। छत्तीसगढ़ में अलग-अलग एजेंसियों द्वारा किए गए एग्जिट पोल में संशय की स्थिति बना दी है। 10 बड़ी और प्रमुख एजेंसियों द्वारा दिखाए गए एग्जिट पोल में से 6 में भाजपा की सरकार बनती दिख रही है तो 4 पोल में कांग्रेस को ज्यादा सीटें दी गई हैं। संख्या से लिहाज से एग्जिट पोल को देखें तो छत्तीसगढ़ में लगातार चौथी बार भाजपा की सरकार बनती नजर आ रही है, वहीं कुछ एग्जिट पोल दावा कर रहे हैं कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस सत्ता में वापसी करेगी।

आप भी नजर डालिए किस एजेंसी के एग्जिट पोल में किसे कितनी सीट मिलने का अनुमान जताया जा रहा है। इंडिया टीवी एग्जिट पोल में छत्तीसगढ़ में भाजपा को 42 से 50 सीटें मिलती नजर आ रही हैं, वहीं कांग्रेस को 32 से 38 सीटें मिल रही है। अजीत जोगी और बसपा गठबंधन को 6 से 8 सीटें मिलती नजर आ रही है। इसके अलावा अन्य को 1 से 3 सीटें मिलने की संभावना है।

आज तक के मुताबिक छत्तीसगढ़ में कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत मिलता नजर आ रहा है। यहां कांग्रेस को 55 से 65 सीटें मिलेंगी, जबकि भाजपा को 21 से 31 सीटें मिलती नजर आ रही है। इस एग्जिट पोल में अन्य को 4 से 8 सीटें दी जा रही है।

टाइम्स नाउ-CNX के एग्जिट पोल के अनुमान के मुताबिक भाजपा को 46, कांग्रेस को 35, बसपा को 7 और अन्य को 2 सीटें मिलेंगी।

न्यूज 24 के एग्जिट पोल में कांग्रेस को सत्ता में वापसी दिखाई दी है। इस एग्जिट पोल में कांग्रेस को 45 से 51 सीटें मिलती दिख रही हैं। वहीं सत्तारूढ़ भाजपा को इस पोल में 36 से 42 सीटें दी है। इसके अलावा 4 से 8 सीटें अन्य को मिली है।

एबीपी न्यूज के एग्जिट पोल  में डॉ. रमन सिंह की अगुवाई वाली भाजपा को स्पष्ट बहुमत दिया गया है। इस पोल में भाजपा को 52 सीटें मिली हैं जबकि कांग्रेस को 35 सीटें दी गई हैं। इसके अलावा 3 सीटें अन्य को दी गई है।

इसी तरह रिपब्लिक-सी वोटर के मुताबिक छत्तीसगढ़ में भाजपा को 35-43, वहीं कांग्रेस को 42-50, बसपा को 5 से 6 सीट और अन्य को 1 सीट मिली है।  इसके अलावा न्यूज एक्स के एग्जिट पोल के मुताबिक भाजपा को 43, कांग्रेस को 40 और अन्य को 7 सीटें मिलने का अनुमान है। इस सर्वे किसी को भी स्पष्ट बहुमत नहीं दिया गया है।

इंडिया टूडे-एक्सिस के अनुमान के मुताबिक भी भाजपा को जीत मिलने की अनुमान है। इस एग्जिट पोल में भाजपा को 42 से 50, कांग्रेस को 32 से 38, जोगी कांग्रेस-बसपा गठबंधन को 6 से 8 सीटें मिलती दिख रही है।

इसके अलावा इंडिया न्यूज-NETA के एग्जिट पोल के मुताबिक भाजपा को 43, कांग्रेस को 40 और अन्य को 7 सीटें दी गई हैं। इसी तरह न्यूज नेशन के एग्जिट पोल में भाजपा को 38, कांंग्रेस को 41 सीटें दे रहा है, जबकि अन्य को 17 सीटें मिलती दिख रही है।

छत्तीसगढ़ में दो चरणों में 12 नवंबर को 18 सीटों पर और 20 नवंबर को 72 सीटों पर मतदान हुआ था। पहले चरण की 18 सीटों पर 190 प्रत्याशी मैदान में थे और मतदान के लिए 4336 मतदान केंद्र बनाए गए। 18 सीटों में से 10 ऐसी थीं, जहां नक्सलियों ने वोटरों को चुनाव से दूर रहने की चेतावनी दी थी।

दूसरे चरण में 20 नवंबर को 72 सीटों पर मतदान हुआ, जिसमें 1079 प्रत्याशी मैदान में थे। मतदान के लिए 19665 पोलिंग बूथ बनाए गए थे। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ और बसपा गठबंधन के अजीत जोगी, डॉ. रेणु जोगी, ओम प्रकाश बाजपेयी, धरमजीत सिंह उम्मीदवार रहे। दोनों चरणों को मिलाकर छत्तीसगढ़ में कुल 76 प्रतिशत मतदान हुआ।