मिशन 2023 पर कमलनाथ

मिशन 2023 पर कमलनाथ


प्रदेश में कांग्रेस भले ही सुस्त पड़ी है, लेकिन पूर्व मुख्यमंत्री व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने मिशन 2023 के लिए सक्रियता बढ़ा दी है। वे पिछले कुछ माह से प्रदेश के विभिन्न जिलों का दौरा कर कांग्रेस का मजबूत करने का प्रयास कर रहे हैं वहीं सरकार की खामियां गिना रहे हैं। गत दिनों उन्होंने रीवा जिले का दौरा किया। जिले के मनगवां में आयोजित जन आक्रोश रैली में उन्होंने प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने बेरोजगारी और महंगाई के लिए भाजपा सरकार को जिम्मेदार बताया। उन्होंने कहा कि आप भाजपा का साथ दो, न कांग्रेस का, आप सच का साथ दो। उन्होंने रायपुर कर्चुलियान के चोरगढ़ी गांव में मिले गोवंश के कंकालों को लेकर  दुख जताया। कहा कि जितनी गोशालाएं 15 साल में नहीं बनी, हमने साढ़े 11 महीनों में बनाई। उन्होंने कहा कि मैं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को खुली चुनौती देता हूं कि वह आएं मंच पर और मैं भी मंच पर रहता हूं। वह 15 साल का हिसाब दें और मैं साढ़े 11 महीने का हिसाब देता हूं।भाजपा सरकार बार- बार पूछती है कि 70 साल में कांग्रेस ने क्या किया। मैं बता दूं कि जहां मोदी और शिवराज अपनी शुरुआती शिक्षा लिए हैं, वह स्कूल कांग्रेस ने ही बनवाया था।ीं देती है। इसलिए यह व्यवस्थाएं सुधरती नहीं है।

यजीदियों के जनसंहार की दास्तां
मप्र कैडर के आईएएस अफसर नियाज खान एक बार फिर अपनी नई किताब ‘बी रेडी टू डाई’ को लेकर चर्चा में हैं। इस किताब में उन्होंने नॉर्थ इराक में मौत के मुहाने पर पहुंच चुके लाखों यजीदिओं के साथ इस्लामिक संगठन आईएसआईएस द्वारा किए गए नरसंहार का खुलासा किया है। साथ ही किताब में दावा किया है यजीदी हिंदुओं का ही रूप हैं। वे भी हिंदुओं की तरह सूर्य और अग्नि के उपासक हैं। इस्लामिक चरमपंथियों ने उनका जमकर कत्लेआम किया। अब उनकी संख्या सिर्फ 5 लाख बची है। आईएसआईएस ने अगस्त 2014 में कई यजीदियों को मार डाला था। भारत को इन्हें बचाने के प्रयास करना चाहिए। खान ने अपनी किताब में यजीदियों और हिंदुओं के बीच 14 समानताएं बताई हैं। उन्होंने कहा कि जिस तरह की पूजा पद्धति हिंदुओं में है, वैसी ही यजीदियों में भी है। इस्लामिक चरमपंथी उन्हें दुश्मन मानते हैं, इस वजह से उनकी हत्याएं करते हैं। उनकी महिलाओं को यातना दी जाती हैं और उन्हें बेचा गया। 10 हजार यजीदियों को सामूहिक रूप से दफनाया जा चुका है।

प्रियंका फार्मूला मप्र में भी होगा लागू
उत्तर प्रदेश में प्रियंका गांधी ने जिस तरह महिलाओं को 40 फीसदी टिकट दिया है अब उस फार्मूले को मप्र कांग्रेस भी लागू करेगी। यह कहना है पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह का। सिंह का दावा है कि प्रदेश में आने वाले विधानसभा चुनाव में महिलाओं की भागीदारी बढ़ेगी। यहां 40 प्रतिशत सीटों पर महिलाओं को टिकट दिया जाएगा। महिलाओं के आरक्षण के लिए सबसे पहला कानून भी कांग्रेस ही लाई थी, जिसे भाजपा ने लागू नहीं किया और अब भी वो राज्यसभा में लंबित है। दिग्विजय सिंह का कहना है कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान झूठे हैं। उनके द्वारा नर्मदा किनारे डेढ़ करोड़ पौधे लगाने का दावा किया गया है, लेकिन जब मैंने नर्मदा परिक्रमा की तो मात्र 3 पौधे जीवित मिले। सिंह ने कहा कि भाजपा में उमा भारती शराबबंदी की बात करती हैं। साध्वी प्रज्ञा उसे आयुर्वेदिक दवाई बताती हैं और मुख्यमंत्री कुछ और बोलते हैं। यही नहीं उन्होंने कहा कि भाजपा आरएसएस, विहिप और बजरंग दल राम को बेच रहे हैं। भाजपा हमेशा धर्म को हथियार बनाकर वोट मांगती है। कांग्रेस ऐसा नहीं करेगी।

ऊर्जा विभाग के जंगलराज पर प्रहार
प्रदेश के ऊर्जा विभाग में भर्राशाही और लापरवाही के कारण सरकार का हर साल करोड़ों रूपए की चपत लगती है। लेकिन कोई इस ओर ध्यान नहीं देता है, क्योंकि इसकी भरपाई उपभोक्ताओं पर बोझ डालकर कर ली जाती है। लेकिन ऊर्जा विभाग के वर्तमान प्रमुख सचिव संजय दुबे ने इसे गंभीरता से लिया है। इस समय उनका फोकस प्रदेश के पॉवर प्लांट्स पर है। क्योंकि ये पॉवर प्लांट्स हर कभी बंद हो जाते हैं। इसी सिलसिले में उन्होंने बिरसिंहपुर और अमरकंटक की पॉवर यूनिट्स के बार-बार बंद होने और अन्य गड़बड़ी की स्थिति जानने के लिए प्रमुख सचिव संजय दुबे स्वयं गत दिनों संजय गांधी पॉवर प्लांट का निरीक्षण करने पहुंचे। यहां की पॉवर यूनिट्स हर तीसरे दिन बायलर ट्यूब लीकेज के कारण ठप हो रही है। दुबे ने सुबह 9 से 11 बजे बिरसिंहपुर में बैठक ली। उन्होंने पॉवर यूनिट्स में बार-बार आ रही गड़बड़ियों के लिए अफसरों को फटकार लगाई। प्रमुख सचिव के भोपाल लौटने से पहले ही संजय गांधी पॉवर प्लांट के चीफ इंजीनियरों को हटाने का फैसला हो गया।  शासन ने बिरसिंहपुर स्थित संजय गांधी पॉवर प्लांट के चीफ इंजीनियर हेमंत संकुले को हटा दिया है। उनकी जगह वीके कैलाशिया को ईडी व मुख्य अभियंता नियुक्त किया है। इससे एक दिन पहले चचाई पॉवर प्लांट के दो इंजीनियरों को निलंबित किया गया था। सूत्रों का कहना है कि एक- दो दिनों में अन्य इंजीनियरों पर कार्रवाई की संभावना है।