चुनाव से पहले शिव सरकार एक लाख युवाओं को देगी सरकारी नौकरी

भोपाल/मंगल भारत। प्रदेश में अगले साल होने वाले


विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश की शिव सरकार ने एक लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने का तय किया है। इसके लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के निर्देश पर शासन ने तैयारियां जोर -शोर से शुरू कर दी हैं। तैयारियों के तहत सभी विभागों से रिक्त पदों की पूरी जानकारी मांगी गई है। हालांकि यह दूसरा मौका है जब सामान्य प्रशासन विभाग ने यह जानकारी विभागों से मांगी है। पूर्व में मांगी गई जानकारी कई विभागों द्वारा नहीं भेजी गई थी, जिसकी वजह से सही रिक्त पदों की संख्या का आंकलन नहीं हो पा रहा है। अब एक बार फिर सामान्य प्रशासन विभाग ने विभागों से जानकारी मांगी है। इसके लिए बीते रोज विभागों को पत्र भेजा गया है। जिसमें सभी विभागों से 23 सितंबर तक खाली पदों की अपडेट जानकारी मांगी है। सामान्य प्रशासन विभाग ने पत्र जारी कर सभी विभाग प्रमुखों से कहा है कि 18 अगस्त, 2022 द्वारा प्रदेश में एक लाख पदों पर भर्ती करने के लिए राज्य स्तरीय सीधी भर्ती के रिक्त पदों की जानकारी विभागों द्वारा पोर्टल पर फीड कराई गई है। साथ इसमें संशोधन की भी कार्रवाही की जा रही है। 29 अगस्त, 2022 एवं 8 सितम्बर 2022 के पत्र द्वारा जिला और संभागीय संवर्गों के पदों की गणना के संबंध में समस्त विभागों को लिखा गया है। वित्त विभाग के पत्र 13 अगस्त, 2021 के अनुसार किसी भी संवर्ग में स्वीकृत कुल पदों की संख्या के 5 प्रतिशत से अधिक रिक्तियों को भरने के लिए वित्त विभाग की स्वीकृति अनिवार्य की गई है। इसे लेकर सभी विभाग अंतर्गत जिला स्तरीय, संभाग स्तरीय एवं राज्य स्तरीय संवर्गवार रिक्तियों की गणना कर जानकारी विभाग में एक्सल शीट तथा हॉर्ड कॉपी में 23 सितम्बर, 2022 तक भेजें। राज्य स्तरीय संवर्ग की जानकारी पोर्टल से मिल जाएगी। संभाग स्तरीय एवं जिला स्तरीय संवर्ग की जानकारी अधिकारियों द्वारा अपने स्तर से ही गणना कर फीड करना है। एकत्रित रिक्तियों में से जिस संवर्ग में वित्त विभाग के परिपत्र 13 अगस्त 2021 के अनुसार 5 प्रतिशत से कम रिक्तियों की भर्ती की जानी है, उन रिक्तियों की जानकारी तथा बैकलॉग पदों की जानकारी प्रोफेशनल एक्जामिनेशन बोर्ड (पीईबी) को उनके द्वारा निर्धारित प्रपत्र में 23 सितंबर 2022 तक भेजे, ताकि उनके द्वारा भर्ती की प्रक्रिया प्रारंभ की जा सके। कुछ रिक्तियों में से जिस संवर्ग में वित्त विभाग के परिपत्र 13 अगस्त 2021 के अनुसार 5 प्रतिशत से अधिक रिक्तियों की भर्ती की जानी है उन रिक्तियों की जानकारी विभाग को एक्सल शीट तथा हॉर्ड कापी 23 सितम्बर, 2022 तक भेजना होगा। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा ऐसी रिक्तियों की जानकारी एकसाथ कर वित्त विभाग से आवश्यक अनुमति प्राप्त कर प्रोफेशनल एक्जामिनेशन बोर्ड (पीईबी) को उनके द्वारा निर्धारित प्रपत्र में भर्ती की प्रक्रिया प्रारंभ करने के लिए प्रेषित करने के लिए वापस किया जाएगा। गौरतलब है कि सबसे ज्यादा खाली पद स्कूल शिक्षा विभाग में है। स्कूल शिक्षा विभाग में ही करीब 80 हजार से ज्यादा पद खाली है।