कोई कांटे की टक्कर नहीं, भाजपा की सरकार बनेगी

कोई कांटे की टक्कर नहीं, भाजपा की सरकार बनेगी

एमपी के विधानसभा चुनाव को लेकर न्यूज चैनल्स के एग्जिट पोल पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मध्य प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाकर लाऊंगा। मैंने जो कहा था, वह पूरा होगा। तीन तारीख को आप देखेंगे। फिर से भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनेगी। कोई संदेह नहीं है, कोई कांटे-फांटे की टक्कर नहीं है। प्रधानमंत्री मोदी जी का नेतृत्व, अमित शाह जी की रणनीति और कार्यकर्ताओं के कड़ी मेहनत के दम पर प्रदेश में फिर भाजपा की सरकार बन रही है। इसके अलावा प्रदेश में चल रही योजनाएं और लाड़ली बहनों ने सब कांटे निकाल दिए। जनता का भरपूर प्यार और आशीर्वाद मिला।

टेलीविजन नहीं, जनता लगाएगी अंतिम मोहर
एग्जिट पोल सर्वे को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा कि देश विजन से चलता है, टेलीविजन से नहीं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि आपको अर्जुन की तरह पूरा ध्यान मतगणना में लगाना है, कांग्रेस प्रचंड बहुमत से जीतेगी। कमलनाथ ने एक्स पर लिखा, कांग्रेस के सभी कार्यकर्ताओं को मैं उनका बल याद दिलाना चाहता हूं। आप लोग कांग्रेस की शक्ति हैं और आपकी मेहनत और समर्पण से ही जनता ने कांग्रेस पार्टी के समर्थन में जमकर वोट डाला है। 3 दिसंबर को जब मतगणना शुरू होगी, तो कांग्रेस की सरकार पर जनता की मोहर लग जाएगी।

दिग्विजय का दावा, मप्र में कांग्रेस को मिलेगा स्पष्ट बहुमत
प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा कि एग्जिट पोल के नतीजे इतने डायवर्स हैं कि उसमें कुछ कह नहीं सकते, इतना मैं कह सकता हूं कि इस चुनाव में, मध्य प्रदेश के अंदर 130 सीटों से ज्यादा कांग्रेस पार्टी को मिलेगी। कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत मिलेगा और कांग्रेस की ही प्रदेश में सरकार बनेगी। उनका कहना है कि लोगों में एक भावना थी बदलाव की। और बदलाव का वोट मिलेगा, जनता चुनाव लड़ी है। कांग्रेस का छोटा कार्यकर्ता चुनाव लड़ा है। लोग बाग ऊब चुके हैं, शिवराज सिंह चौहान उनके झूठे वादों से और भारतीय जनता पार्टी के दुष्कर्मोंं से भारतीय जनता पार्टी के कुशासन से।

मध्यप्रदेश के मन में मोदी: विष्णुदत्त
एग्जिट पोल के नतीजे बता रहे हैं कि एमपी के मन में मोदी हैं और जनता ने मन बना लिया है कि वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में सूबे की सभी 29 सीटों पर भाजपा को आशीर्वाद मिलेगा। एग्जिट पोल पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए शर्मा ने कहा कि अधिकांश एग्जिट पोल के नतीजों में भाजपा को मिल रही बढ़त से यह स्पष्ट तौर पर दिखायी दे रहा है कि भाजपा विधानसभा चुनाव में प्रचंड विजय हासिल कर रही है। इसका श्रेय पार्टी के कार्यकर्ताओं को जाता है। उन्होंने कहा कि केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह की कुशल रणनीति और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के कुशल संगठनात्मक का परिणाम है।