कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी का दावा, मप्र में कांग्रेस जीतेगी 15 सीटें

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी का दावा, मप्र में कांग्रेस जीतेगी 15 सीटें.

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी का दावा है की मप्र में कांग्रेस लोकसभा की 15 सीटों पर जीतेगी। उनका कहना है कि 15 मार्च से पहले कांग्रेस के 80 फीसदी लोकसभा सीट के टिकट घोषित कर दिए जाएंगे। यह बात अलग है कि वे कांग्रेस की जीत की संभावनाओं वाली सीटों के नाम नहीं बता रहे हैं। इसके साथ ही उनके द्वारा भाजपा की केन्द्र व प्रदेश की सरकार पर निशाना भी साधा गया है। उनका कहना है कि देश में महंगाई चरम पर है। पीएम मोदी वादे भूल चुके हैं। आज एक परिवार ऐसा नहीं बचा, जिसमें बेरोजगारी नहीं हो। एक किसान ऐसा नहीं है, जिस पर कर्जा न हो। मुख्यमंत्री ने एक माह में ही प्रदेश पर 15000 करोड़ का कर्ज और बढ़ा दिया है।

बोले सुधांशु महाराज, मंत्र सिद्धि से जागृत होती हैं शक्तियां
हर व्यक्ति के अंदर आध्यात्मिक शक्तियां और सिद्धियां होती है। केवल उसे जागृत करने की बात है। मंत्र सिद्धि से ये शक्तियां जागृत होती है। मंत्र ऋषि -मुनियों की बड़ी सौगात है। मंत्रों को बार-बार बोलने से सकारात्मक ऊर्जा पैदा होती है। जो व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक प्रभाव डालती है। वातावरण में भी पॉजिटिव फील्ड का निर्माण करती हैं। यह बात विश्व जागृति मिशन के संस्थापक और आध्यात्मिक गुरु सुधांशु महाराज ने कही। वे गुरुवार से चार दिन के लिए भोपाल प्रवास पर है। उनका भक्ति सत्संग कार्यक्रम भेल दशहरा मैदान में आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा जीवन में आई नकारात्मकता को बदलने के लिए हमें अपने आप को थोड़ा वक्त देना चाहिए। ध्यान करना चाहिए। पवित्र ग्रंथों को पढ़ना चाहिए, उससे व्यक्ति को जीवन के हर प्रश्न का उत्तर मिलता है। सोशल मीडिया और बॉलीवुड ने वैचारिक प्रदूषण फैला रखा है। जिसकी वजह से युवा दिशाहीन है।

अगर आप मुझे विदा करना चाहते हो तो मैं हमेशा तैयार: कमलनाथ
पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने बीते दिन हर्राई में जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा पर जमकर हमला बोला। कमलनाथ ने कहा कि क्या भाजपा के पास राम मंदिर का पट्टा है? यह मंदिर सबका है, यह मंदिर जनता के पैसे से बना है। इसके अलावा उन्होंने जनता से भावुक अपील करते हुए कहा कि अगर आप लोग हमे विदा करने चाहते हैं, तो मैं इसके लिए सहर्ष तैयार हूं। उन्होंने कहा कि मैं आप सभी को परिवार का सदस्य मानता हूं और उसी भाव से सेवा करता आ रहा हूं। दरअसल, छिंदवाड़ा से पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के बेटे नकुलनाथ सांसद हैं और माना जा रहा है कि इस बार भी छिंदवाड़ा से नकुलनाथ ही लोकसभा का चुनाव लड़ेंगे। इस बार नाथ परिवार को भाजपा से बेहद कड़ी चुनौती मिलने की संभावना बनी हुई है।

श्योपुर जिले की कमान अब लोकेश कुमार जांगिड़ को
राज्य शासन ने बुधवार देर रात लोकेश कुमार जांगिड़ को श्योपुर का कलेक्टर बना दिया। वह अभी पर्यावरण विभाग में उप सचिव पदस्थ थे। 19 फरवरी को संजय कुमार को श्योपुर कलेक्टर पद से मंत्रालय में अपर सचिव पदस्थ किए जाने जाने के बाद से यहां कुर्सी खाली थी। अपर कलेक्टर मनोज कुमार रोहतगी अब तक जिम्मेदारी देख रहे थे। नौ दिन बाद शासन ने नए कलेक्टर की तैनाती की है। एक अन्य आदेश में सामान्य प्रशासन विभाग ने रघुराज एमआर को मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी और ऊर्जा विकास निगम के प्रबंध संचालक का अतिरिक्त प्रभार दिया है। यह स्थान गणेश शंकर मिश्रा की सेवाएं केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर सौंपे जाने के कारण रिक्त हुआ है।