निशा बांगरे का फूटा गुस्सा,बोलीं, मैंने भी कमलनाथ को घर बैठा दिया

निशा बांगरे का फूटा गुस्सा,बोलीं, मैंने भी कमलनाथ को घर बैठा दिया.

पूर्व डिप्टी कलेक्टर निशा बांगरे ने मीडिया से चर्चा करते हुए कमलनाथ पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि कमलनाथ के कहने पर ही मुझे नौकरी से त्यागपत्र देना पड़ा था। लेकिन उन्होंने कोई महत्व नहीं दिया। इसलिए मैं बोलकर आई थी कि जिन्होंने मुझे घर बैठाने का काम किया, उन्हें मैं घर बैठाऊंगी और हुआ भी यही। चुनाव में कमलनाथ को जनता ने घर बैठा दिया। बांगरे ने कहा कि कांग्रेस जॉइन करने के बाद मुझे टिकट नहीं दिया गया। मेरी नौकरी भी चली गई। मुझे मप्र सरकार पर भरोसा है कि वो दोबारा नौकरी पर रखने पर विचार करेगी। मैंने सीएम से पिछले दिनों मुलाकात करते हुए अपना पक्ष भी रखा है।

नेमावर के सिद्धेश्वर महादेव मंदिर का किया जाएगा जीर्णोद्धार: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार को देवास जिले के नेमावर में जल-गंगा संवर्धन अभियान के कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने नर्मदा नदी पर पूजा- अर्चना करने के बाद घाट पर साफ-सफाई की। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां के ऐतिहासिक सिद्धेश्वर महादेव मंदिर का जीर्णोद्धार किया जाएगा। प्रदेश में 5 जून से 16 जून गंगा दशहरा तक जल गंगा संवर्धन अभियान चलाया जा रहा है। इसमें नदी, नालों और ऐतिहासिक एवं पारंपरिक जल संरचनाओं, तालाब, झील, कुआं, बावड़ी आदि के संरक्षण, पुर्नजीवन के लिए कार्य किया जा रहा है। उनकी साफ-सफाई और गहरीकरण भी हो रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि देवास जिले में लगभग 5 करोड़ 65 लाख रुपए की राशि से लगभग 3078 जल संरचनाओं के जीर्णोद्वार के कार्य किए जा रहे हैं। इनमें नगरीय क्षेत्र में लगभग 1 करोड़ 78 लाख की राशि से 650 संचनाओं पर कार्य किया जा रहा है।

प्रदेश का गौरव बढ़ाते हुए जन आकांक्षाओं पर खरे उतरेंगे नवनियुक्त मंत्री: वीडी
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने केन्द्रीय मंत्रिमंडल में मध्यप्रदेश को समुचित प्रतिनिधित्व दिए जाने पर मध्यप्रदेश की जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं की ओर से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त किया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपने मंत्रिमंडल में मध्यप्रदेश को प्रतिनिधित्व देकर प्रदेश की जनता का मान बढ़ाया है। लोकसभा चुनाव में प्रदेश की सभी 29 सीटों पर भाजपा को ऐतिहासिक विजय दिलाकर प्रदेश की जनता ने बताया कि एमपी के मन में मोदी हैं। उसी प्रकार मंत्रिमण्डल में समुचित प्रतिनिधित्व देकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बताया कि उनके मन में भी एमपी है।

विश्व भर की निगाहें रही पीएम मोदी के तीसरे शपथ ग्रहण पर : विजयवर्गीय
नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ काम करने का एक लंबा अनुभव रहा है। ऐसा लगता है कि हर पल उनसे कुछ न कुछ सीखने को मिलता है। नरेंद्र मोदी का लगातार तीसरी बार शपथ ग्रहण करना एक ऐतिहासिक बात है। पूरा विश्व इस समय नरेंद्र मोदी को आशा भरी निगाहों से देख रहा है। देश के वह पहले प्रधानमंत्री हैं, जिन्हें पूरे विश्व में सम्मान की दृष्टि से देखा जाता है। हर राष्ट्र के प्रमुख को यह विश्वास रहता है कि नरेंद्र मोदी हैं तो सब मुमकिन है और समस्या का समाधान भी उनके द्वारा मिल जाएगा। हिंदुस्तान की जनता को भी नरेंद्र मोदी की तीसरे शपथ ग्रहण से काफी प्रसन्नता है और वो चाहती है कि आने वाले लंबे समय तक कई और कार्यकाल पूरे करते रहें। क्योंकि देश के पहले प्रधानमंत्री हैं, जो दृढ़ता के साथ हर नामुमकिन काम को मुमकिन बना देते हैं। उनके कार्यकाल में देश तरक्की करेगा।