कांग्रेस के इतने पाप हैं कि गिनो तो कम पड़ जाएं: मुख्यमंत्री डॉ. यादव

कांग्रेस के इतने पाप हैं कि गिनो तो कम पड़ जाएं: मुख्यमंत्री डॉ. यादव

महू में डॉ. भीमराव अंबेडकर का जयंती महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस ने बाबा साहब के योगदान को नकारा है। उन्हें लोकसभा चुनाव नहीं जीतने दिया। पं. जवाहरलाल नेहरू ने हर बार उन्हें विधानसभा में आने से रोका। कांग्रेस के इतने पाप हैं कि गिनो तो कम पड़ जाएं। कांग्रेस अंबेडकर जी के लिए सदैव असफलता का भाव रखती आई है, लेकिन आज के इस शुभ अवसर पर हम कामना करेंगे कि कांग्रेस उस गलत व्यवहार के लिए क्षमा मांगे। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब ने समूचे समाज को आरक्षण जैसी व्यवस्था प्रदान की। आज अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति सहित हर वर्ग को साक्षरता का लाभ मिल रहा है। सीएम कहा कि सरकार द्वारा भीम जन्मस्थली महू को धर्मशाला निर्माण के लिए साढ़े तीन एकड़ जमीन दी जा रही है। इससे श्रद्धालुओं को सुविधा होगी।

संघ के क्षेत्र प्रचार प्रमुख रहे नरेंद्र बोले-विधायक गोलू से लेना चाहिए इस्तीफा
बेटे की कारगुजारी ने इंदौर-3 के विधायक गोलू शुक्ला की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। विधायक पुत्र रुद्राक्ष के देवास में माता टेकरी मंदिर के पुजारियों से मारपीट के मामले में विपक्ष के साथ अब राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के पदाधिकारी ने भी भाजपा से कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। मध्य क्षेत्र के क्षेत्र कार्यकारिणी सदस्य और मध्य क्षेत्र के पूर्व क्षेत्र प्रचार प्रमुख नरेन्द्र जैन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर यह मांग की। उन्होंने लिखा-सत्ता के लालच में कुकृत्यों को भाजपा कब तक ढोएगी। यदि भाजपा पार्टी विथ डिफरेंस का दावा करती है तो विधायक से इस्तीफा लेना चाहिए। मामले में कांग्रेस हमलावर हो गई। पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, प्रदेश कांग्रेस सचिव पिंटू जोशी माता टेकरी पहुंचे। पूजा के बाद पुजारी के पैर धोकर माफी मांगी। वर्मा बोले-कलयुग में ऐसे लोग हिंदू औरंगजेब बन गए।

दलित दूल्हे को मंदिर में जाने से रोका- पुलिस ने समझाकर सुलझाया मामला
इंदौर जिले के बेटमा में दलित युवक की बारात को मंदिर में -जाने से रोकने का मामला आया है। सांधवी गांव में अंकित सोलंकी की बारात निकली तो गांव के कुछ लोगों ने दूल्हे व रिश्तेदारों को मंदिर में प्रवेश नहीं करने दिया। हंगामा बढ़ा तो पुलिस पहुंची। दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया। पुलिस की मौजूदगी में दूल्हे ने मंदिर में पूजा की। पुलिस ने बताया, दूल्हे को दर्शन से नहीं रोका, गर्भगृह को लेकर आपत्ति थी। सरपंच संदीप देवड़ा ने कहा, किसी को दर्शन से नहीं रोकते हैं। अंकित ने मुझे भी न्योता दिया। मैं भी जाने वाला था। दूल्हे को मंदिर में जाने से रोकने की खबर सोशल मीडिया में फैली तो समाज में आक्रोश बढ़ा। पुलिस-प्रशासन हरकत में आया। जांच में पता चला, गर्भगृह में जाने को लेकर विरोध उभर आया था। गर्भगृह में जाने से पुजारी ने मना किया था।

मप्र में 13 साल बाद होगी परिवहन आरक्षकों की भर्ती
प्रदेश के परिवहन विभाग में 13 साल बाद 100 पुरुष आरक्षकों की भर्ती होने जा रही है। विभाग ने इसका प्रस्ताव राज्य शासन को भेजा है। भर्ती कर्मचारी चयन मंडल के जरिए होगी। नए आरक्षकों की नियुक्ति से विभाग का अमला और सशक्त हो जाएगा, जिससे अवैध और ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई में तेजी आएगी। विभाग में वर्तमान में 222 आरक्षक हैं। इसमें से 30 फीसदी महिला आरक्षक हैं। 100 पद भरने से आरक्षकों की संख्या 322 हो जाएगी। ज्ञात हो कि विभाग ने इससे पहले 2012 में आरक्षकों की भर्ती की थी। परिवहन विभाग में आरक्षकों के 332 पद हैं, जिसमें से 222 भरे हुए हैं। 21 आरक्षक प्रधान आरक्षक के पद पर प्रमोट हो गए हैं। इससे रिक्त हुए 21 पद और पहले से 79 पद रिक्त हैं। इस तरह से 100 पदों पर भर्ती होगी।

preload imagepreload image
04:15