रामपुर नैकिन में भगवान परशुराम जन्मोत्सव हर्षोल्लास से मनाया गया.

मंगल भारत।रामपुर नैकिन। विप्र सेवा संघ, इकाई सीधी द्वारा भगवान परशुराम जी का जन्मोत्सव श्रद्धा, भक्ति एवं उत्साह के साथ धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर, रामपुर नैकिन में वैदिक मंत्रोच्चार एवं स्वस्तिवाचन के साथ भगवान परशुराम जी का विधिवत पूजन-अर्चन किया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान परशुराम जी की प्रतिमा पर पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष पंडित आनंद बिहारी मिश्र द्वारा माल्यार्पण कर किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने जयघोष कर माहौल को और भी आध्यात्मिक बना दिया।
कार्यक्रम में पंडित अरुण द्विवेदी ने भगवान परशुराम जी के जीवन चरित्र पर प्रकाश डालते हुए उनके आदर्शों—धर्म, न्याय एवं साहस—को अपनाने का संदेश दिया। विप्र सेवा संघ के पदाधिकारी पंडित जान्हवी कुमार गौतम ने बताया कि भगवान परशुराम, भगवान विष्णु के छठे अवतार हैं और उनका जन्म अक्षय तृतीया के पावन पर्व पर हुआ था।
इस अवसर पर पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष पंडित आनंद बिहारी मिश्र ने कहा कि भगवान परशुराम, भगवान शिव के परम भक्त थे। उन्होंने सदैव अधर्म एवं आसुरी शक्तियों के विनाश तथा समाज में धर्म, न्याय एवं सद्भाव की स्थापना के लिए कार्य किया।
इस कार्यक्रम का सफल आयोजन सक्सेस कोचिंग के संचालक पंडित विनोद कुमार मिश्रा एवं पंडित रवि मिश्रा के अगुवाई में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का समापन प्रसाद वितरण के साथ हुआ। इस अवसर पर पंडित आनंद बिहारी मिश्र, पंडित अरुण द्विवेदी, पंडित अशोक मिश्रा, विनोद कुमार मिश्रा, जान्हवी कुमार गौतम, अनुराग पांडे, मुकेश सोनी, राजीव विश्वकर्मा, पंडित शिवम मिश्रा, पंडित रवि मिश्रा, पंडित गंगा प्रसाद द्विवेदी, दीपक विश्वकर्मा एवं पंडित विष्णु पांडे सहित विप्र सेवा संघ के सदस्य एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।