जमीनी विवाद को लेकर भतीजे पर चाचा और भाइयों का खूनी हमला; थाना प्रभारी सुधांशु तिवारी ने दर्ज कराया मामला.

रामपुर नैकिन (सीधी): जिले के रामपुर नैकिन थाना अंतर्गत चोरगड़ी गाँव में जमीन बंटवारे के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। यहाँ एक व्यक्ति पर उसके सगे चाचा और तीन अन्य लोगों ने लाठियों से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया है।
गाली-गलौज से शुरू हुआ विवाद
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, फरियादी गोकुल कुशवाहा (36 वर्ष) निवासी चोरगड़ी ने अपनी माँ रामकली के साथ थाने पहुँचकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। गोकुल ने बताया कि 27 अप्रैल की सुबह करीब 5:30 बजे जब वह अपने घर के सामने खड़ा था, तभी उसके चाचा बृजवासी कुशवाहा जमीन बंटवारे की बात को लेकर अचानक उसे माँ-बहन की अश्लील गालियाँ देने लगे।
लाठियों से किया हमला
जब गोकुल ने गाली देने से मना किया, तो चाचा बृजवासी ने हाथ में लिए डंडे से उसके सिर पर जोरदार वार कर दिया, जिससे उसका सिर फट गया और खून बहने लगा। इसी दौरान सोनू कुशवाहा, कौशल कुशवाहा और राजेश कुशवाहा भी वहाँ पहुँच गए। राजेश और सोनू ने भी लाठियों से गोकुल की बेरहमी से पिटाई की। मारपीट के कारण गोकुल के सिर, बाएं हाथ की कोहनी, दाहिने हाथ की उंगली और पैर में गंभीर चोटें आई हैं।
जान से मारने की दी धमकी
गोकुल की चीख-पुकार सुनकर उसकी माँ और आसपास के लोगों ने बीच-बचाव किया। जाते-जाते आरोपियों ने धमकी दी कि “इस बार तो बच गया है, अगर दोबारा जमीन के हिस्से की बात की तो जान से खत्म कर देंगे।”
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी सुधांशु तिवारी के नेतृत्व में पुलिस ने तत्परता दिखाई है। थाना प्रभारी ने बताया कि शिकायतकर्ता के बयानों के आधार पर चारों आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया गया है। वहीं, गंभीर रूप से घायल गोकुल कुशवाहा को पुलिस द्वारा तत्काल अस्पताल भेज दिया गया है, जहाँ उसका उपचार जारी है। पुलिस फिलहाल मामले की विस्तृत विवेचना कर रही है।