बंगाल: एसआईआर में जिन महिलाओं का कट चुका नाम, उन्हें नहीं मिलेगा योजनाओं का लाभ

किसी प्रकार की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं…

कोलकाता/एजेंसी
बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी अगले महीने से राज्य की महिलाओं के लिए अन्नपूर्णा भंडार योजना लागू कर सकते है। इसके साथ ही राज्य द्वारा संचालित बसों में महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा की सुविधा भी देने की तैयारी की जा रही है। मुख्य सचिव मनोज अग्रवाल ने पदभार संभालते ही मंगलवार को राज्य सचिवालय नवान्न में अन्नपूर्णा योजना को लेकर उच्चस्तरीय बैठक की, जिसमें राज्य सरकार के लगभग सभी विभागों के सचिव और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहें। बैठक में योजना के क्रियान्वयन, लाभार्थियों के सत्यापन और प्रशासनिक तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। नवान्न सूत्रों के अनुसार, बैठक में अधिकारियों को साफ संदेश दिया गया कि अन्नपूर्णा भंडार योजना को लागू करने में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। चुनावी वादों के अनुसार, भाजपा सरकार अन्नपूर्णा भंडार योजना के तहत महिलाओं को उनके बैंक खाते में सीधे तौर पर हर महीने तीन हजार रुपये देगी। बैठक में इस बात पर भी विशेष जोर दिया गया कि, लाभार्थियों की सूची तैयार करने में किसी प्रकार की गड़बड़ी या फर्जीवाड़ा नहीं होना चाहिए। मुख्य सचिव ने जिला प्रशासन और संबंधित विभागों को सख्त निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों से कहा गया है कि योजना को लेकर आम लोगों में सही जानकारी पहुंचाई जाए ताकि किसी प्रकार का भ्रम न फैले। नवान्न में हुई इस बैठक को नई सरकार की प्रशासनिक प्राथमिकताओं का संकेत माना जा रहा है। बैठक में मुख्य सचिव ने अन्य योजनाओं व प्रशासनिक गतिविधियों का जायजा लिया। मुख्य सचिव के रुख से साफ है कि नई सरकार योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के मूड में है।
अन्नपूर्णा योजना का भी मिलेगा लाभ
राज्य सरकार चाहती है कि योजना का लाभ पात्र महिलाओं को ही मिले और प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी रहे। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, जिन महिलाओं को पहले से पूर्ववर्ती ममता बनर्जी सरकार की लक्ष्मी भंडार योजना का लाभ मिल रहा था, उनका वेरिफिकेशन किया जाएगा। प्रशासनिक स्तर पर लाभार्थियों के दस्तावेज, बैंक अकाउंट और पहचान संबंधी जानकारी की जांच की जाएगी। अगर एसआईआर प्रक्रिया में किसी महिला का नाम मतदाता सूची से कट चुका है या उसके मृत होने की पुष्टि होती है, तो उसे अन्नपूर्णा योजना का लाभ नहीं मिलेगा। सरकारी सूत्रों का कहना है कि पहले से लक्ष्मी भंडार योजना से जुड़े लाभार्थियों को अन्नपूर्णा योजना के लिए दोबारा आवेदन करने की जरूरत नहीं पड़ेगी।