मध्य प्रदेश में बढ़ी तपिश… 4 दिन तक लू का प्रकोप

मालवा-निमाड़ सबसे ज्यादा गर्म
भोपाल/मंगल भारत

मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। खासतौर पर मालवा-निमाड़ क्षेत्र में हालात ज्यादा गंभीर हैं, जहां अगले चार दिनों तक लू का असर बने रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने इंदौर और उज्जैन संभाग के अधिकांश जिलों के लिए हीट वेव अलर्ट जारी किया है। भोपाल और नर्मदापुरम संभाग भी गर्म हवाओं की चपेट में रहेंगे। मंगलवार को प्रदेश के कई हिस्सों में दिनभर तेज धूप और उमस ने लोगों को परेशान किया। हालांकि शाम होते-होते कुछ जिलों में मौसम ने करवट ली और कहीं तेज आंधी चली तो कहीं बारिश और ओलावृष्टि भी हुई। निवाड़ी और बालाघाट में ओले गिरे, जबकि धार, इंदौर, सागर, रायसेन, सीहोर और छिंदवाड़ा समेत कई जिलों में बूंदाबांदी और तेज हवाओं का असर देखने को मिला। प्रदेश में सबसे ज्यादा तापमान रतलाम में दर्ज किया गया, जहां पारा 46.5 डिग्री तक पहुंच गया। धार 44.5 डिग्री के साथ दूसरे नंबर पर रहा। उज्जैन, श्योपुर और शाजापुर में तापमान 44 डिग्री के पार पहुंच गया। खरगोन, गुना, सागर, खंडवा और आगर-मालवा समेत कई शहरों में भी भीषण गर्मी दर्ज की गई। प्रदेश के पांच बड़े शहरों में उज्जैन सबसे गर्म रहा।
आज इन इलाकों में लू का सबसे ज्यादा असर
बुधवार को इंदौर, उज्जैन, रतलाम, धार, देवास, झाबुआ, अलीराजपुर, खरगोन, खंडवा और बुरहानपुर समेत कई जिलों में लू चलने की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग के मुताबिक कई शहरों में तापमान 45 डिग्री तक पहुंच सकता है। इसके अलावा भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, ग्वालियर-चंबल, महाकौशल, बुंदेलखंड और विंध्य क्षेत्र के कई जिलों में भी तेज गर्मी और गर्म हवाओं का असर बना रहेगा।