बालाघाट-रायसेन समेत 15 जिलों में आंधी-बारिश, 2 दिन में मानसून की एंट्री

48 जिलों में 52% कम पानी गिर

मंगल भारत/भोपाल। मध्य प्रदेश में मानसून की एंट्री का इंतजार अब अंतिम दौर में है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों के भीतर मानसून प्रदेश में दस्तक दे सकता है। इससे पहले मंगलवार को बालाघाट, रायसेन समेत कई जिलों में बारिश का दौर देखने को मिला। बालाघाट में सवा इंच और रायसेन में करीब पौन इंच बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा धार, नर्मदापुरम, इंदौर, खरगोन, राजगढ़, छिंदवाड़ा, जबलपुर, सागर, सिवनी, टीकमगढ़ और बड़वानी समेत कई जिलों में बारिश हुई।
48 जिलों में सामान्य से कम बारिश: मानसून की देरी का असर प्रदेश के वर्षा आंकड़ों पर साफ दिखाई दे रहा है। मध्य प्रदेश के 48 जिलों में अब तक सामान्य से 52 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। केवल भोपाल, अशोकनगर, आगर-मालवा, गुना, मंदसौर, नीमच और श्योपुर ऐसे जिले हैं जहां सामान्य से अधिक वर्षा हुई है। आंधी और बारिश के चलते प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई। पचमढ़ी सबसे ठंडा रहा, जहां अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
दो दिन बाद बदल सकता है मौसम का पूरा मिजाज
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में मानसून की सामान्य एंट्री 15 जून तक हो जाती है, लेकिन इस बार इसकी रफ्तार धीमी रही। अगले दो दिनों में मानसून के प्रवेश के साथ प्रदेशभर में बारिश की गतिविधियां बढऩे की संभावना है।
26 जिलों में बारिश का अलर्ट: मौसम विभाग ने भोपाल, रायसेन, विदिशा, बैतूल, छिंदवाड़ा, बालाघाट, सिवनी, इंदौर, देवास, खंडवा, बुरहानपुर, झाबुआ, ग्वालियर, मुरैना, भिंड और श्योपुर समेत 26 जिलों में तेज आंधी के साथ बारिश की संभावना जताई है।