दतिया उपचुनाव में भाजपा का बड़ा दांव, आशुतोष तिवारी बने प्रत्याशी.
केंद्रीय चुनाव समिति ने जारी की सूची, दतिया सीट पर नए चेहरे पर जताया भरोसा; नरोत्तम मिश्रा के चुनाव लड़ने की चर्चाओं पर लगा विराम.
मंगल भारत /दतिया/ भोपाल/भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मध्य प्रदेश की 22-दतिया विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए अपने प्रत्याशी की घोषणा कर दी है। पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति द्वारा शुक्रवार को जारी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार आशुतोष तिवारी को दतिया विधानसभा उपचुनाव-2026 के लिए भाजपा का अधिकृत उम्मीदवार बनाया गया है।
इस घोषणा के साथ ही दतिया की राजनीति में चल रही तमाम अटकलों पर विराम लग गया है। पिछले कई दिनों से पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा सहित कई नेताओं के नाम चर्चा में थे, लेकिन पार्टी ने अंततः नए चेहरे आशुतोष तिवारी पर भरोसा जताया है।
भाजपा केंद्रीय कार्यालय, नई दिल्ली से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि केंद्रीय चुनाव समिति ने दतिया सीट के लिए आशुतोष तिवारी के नाम को स्वीकृति प्रदान की है। इसके साथ ही बिहार के बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में भी प्रत्याशी परिवर्तन की घोषणा की गई है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि भाजपा के इस फैसले से दतिया का चुनावी मुकाबला और रोचक हो सकता है। अब सभी की निगाहें कांग्रेस सहित अन्य दलों की उम्मीदवार घोषणा और चुनावी रणनीति पर टिकी हुई हैं।