मंत्री गिना रहे थे उपलब्धियां, सड़क किनारे लग गई बच्चों की पाठशाला.सीधी.

मंत्री गिना रहे थे उपलब्धियां, सड़क किनारे लग गई बच्चों की पाठशाला.

बंजारी स्कूल की तस्वीर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग हरकत में, दो शिक्षकों को जारी किया गया नोटिस.

मंगल भारत/मझौली (सीधी)। एक ओर सरकार शिक्षा व्यवस्था की उपलब्धियां गिना रही थी, वहीं दूसरी ओर मझौली क्षेत्र के बंजारी स्कूल के बच्चे सड़क किनारे बैठकर पढ़ाई करने को मजबूर नजर आए। घटना का वीडियो और तस्वीरें सामने आने के बाद शिक्षा विभाग सक्रिय हुआ और मामले में दो शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।
बताया जा रहा है कि जिस समय क्षेत्र में मंत्री विकास कार्यों और शिक्षा सुधार की उपलब्धियों का उल्लेख कर रहे थे, उसी दौरान लगभग 15 किलोमीटर दूर बंजारी स्कूल के बच्चों की सड़क पर पढ़ाई की तस्वीरें सामने आईं। यह मामला सामने आते ही स्थानीय लोगों ने शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए।
प्राथमिक जांच के बाद संबंधित दो शिक्षकों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि केवल शिक्षकों पर कार्रवाई तक मामला सीमित न रहे, बल्कि स्कूल की मूलभूत समस्याओं का भी स्थायी समाधान किया जाए, ताकि बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके।
बंजारी स्कूल में सड़क पर बच्चों के पढ़ने की तस्वीरें सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने दो शिक्षकों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है।