चेक बाउंस मामले में रिश्वत लेते अभियोजन अधिकारी लोकायुक्त के हत्थे चढा.

20 हजार रुपये की मांग, 10 हजार रुपये लेते रंगे हाथ गिरफ्तार; न्यायालय परिसर के बाहर हुई कार्रवाई
मंगल भारत/सीधी/ जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकायुक्त पुलिस रीवा ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अभियोजन अधिकारी राजकुमार रावत को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी पर चेक बाउंस प्रकरण में विधिक सलाह के नाम पर 20 हजार रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप है।
जानकारी के अनुसार, शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त रीवा की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की। सोमवार को न्यायालय परिसर के बाहर अभियोजन अधिकारी शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये की रिश्वत ले रहे थे। इसी दौरान लोकायुक्त टीम ने उन्हें पकड़ने का प्रयास किया। आरोपी ने टीम को देखकर रिश्वत की रकम फेंककर भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने दौड़कर उन्हें दबोच लिया।
कार्रवाई के बाद अभियोजन कार्यालय में हड़कंप मच गया। लोकायुक्त की टीम आरोपी से सर्किट हाउस में पूछताछ कर रही है तथा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
लोकायुक्त अधिकारियों के अनुसार, शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि चेक बाउंस मामले में विधिक सलाह और कार्रवाई के बदले 20 हजार रुपये की मांग की गई थी। शिकायत के सत्यापन के बाद ट्रैप कार्रवाई की गई, जिसमें आरोपी 10 हजार रुपये लेते हुए पकड़ा गया।
यह कार्रवाई भ्रष्टाचार के मामलों में लोकायुक्त पुलिस की सख्त निगरानी और त्वरित कार्रवाई का एक महत्वपूर्ण उदाहरण मानी जा रही है।