16 साल का इंतजार खत्म: चुरहट अस्पताल में गूंजी किलकारी.सीधी.

16 साल का इंतजार खत्म: चुरहट अस्पताल में गूंजी किलकारी.

रानू बंसल ने स्वस्थ कन्या को दिया जन्म.

स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. गौरव पांडे के सफल उपचार से परिवार की वर्षों पुरानी मुराद हुई पूरी, मां और नवजात दोनों स्वस्थ

मंगल भारत/चुरहट/सीधी/ कभी-कभी चिकित्सा केवल
इलाज नहीं, बल्कि किसी परिवार के वर्षों पुराने सपने को साकार करने का माध्यम भी बन जाती है। ऐसा ही एक भावुक पल 28 जुलाई 2026 को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चुरहट में देखने को मिला, जब रानू बंसल ने विवाह के 16 वर्ष बाद एक स्वस्थ कन्या को जन्म दिया। नवजात की पहली किलकारी के साथ ही परिवार की वर्षों की प्रतीक्षा खुशियों में बदल गई.

परिजनों ने बताया कि लंबे समय से संतान सुख की आस लगाए हुए थे। कई प्रयासों के बाद अंततः स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. गौरव पांडे के उपचार, उचित परामर्श और नियमित चिकित्सकीय देखरेख से यह सुखद परिणाम प्राप्त हुआ। वर्तमान में मां और नवजात दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं।
डॉ. गौरव पांडे ने बताया कि समय पर जांच, सही उपचार और विशेषज्ञ चिकित्सकीय सलाह से कई जटिल मामलों में भी सकारात्मक परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं। उन्होंने दंपतियों से किसी भी समस्या की स्थिति में समय रहते विशेषज्ञ चिकित्सक से परामर्श लेने की अपील की.

इसी क्रम में सुप्रिया सिंह (पत्नी – आशीष सिंह), प्रीति रजक तथा विद्यावती (पत्नी – जितेंद्र केवट) ने भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चुरहट में सुरक्षित प्रसव के माध्यम से स्वस्थ शिशुओं को जन्म दिया। सभी माताएं एवं नवजात चिकित्सकों की निगरानी में स्वस्थ हैं

इस अवसर पर परिजनों ने डॉ. गौरव पांडे सहित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चुरहट की पूरी चिकित्सा एवं नर्सिंग टीम के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वर्षों के इंतजार के बाद मिली यह खुशी उनके परिवार के लिए किसी आशीर्वाद से कम नहीं है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चुरहट में उपलब्ध विशेषज्ञ मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं से क्षेत्र के लोगों का सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों पर विश्वास लगातार बढ़ रहा है। सुरक्षित प्रसव और गुणवत्तापूर्ण उपचार के माध्यम से अस्पताल अनेक परिवारों के जीवन में नई खुशियां ला रहा है.