डेढ़ गुना समर्थन मूल्य किसानों को समृद्धि देगा :तोमर

भोपाल : केन्‍द्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा फैसला किया है| खरीफ़ की फसल पर केन्द्र सरकार ने न्यूनतम समर्थन मूल्य डेढ़ गुना बढ़ा दिया है| कैबिनेट के इस फैसले से किसानों को उनकी लागत का 50% ज़्यादा न्यूनतम समर्थन मूल्य मिलेगा| वहीं धान की एक क्विंटल फसल पर 200 और कपास की फसल पर 1100 रुपये बढ़ी हुई एमएसपी मिलेगी| केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने सरकार के इस फैसले का स्वागत किया है| उन्होंने कहा अब कोई भी सरकार लागत मूल्य के डेढ़ गुना समर्थन मूल्य देने से पीछे नहीं हट सकती, सरकार ने व्यवस्था सुनिश्चित कर दी है| उन्होंने कहा प्रधानमंत्री की 2022 तक किसानों की आय दोगुना बढ़ाने की घोषणा को पूर्ण करने की दिशा में यह महत्वपूर्ण निर्णय है|

केंद्रीय मंत्री तोमर ने कहा यूरिया खाद की आपूर्ति की सुनिश्चितता और नीम कोटेड यूरिया का निर्णय केंद्र सरकार ने किया है| यह निर्णय एक ओर किसान को फसल का उचित मूल्य प्रदान करेगा वहीं दूसरी और किसान की क्रय शक्ति बढ़ेगी जिससे पूरे देश की अर्थव्यवस्था को बल मिलेगा| प्रधानमंत्री जी ने किसानों के हित के प्रतिबद्धता का प्रमाणीकरण कर क्रियान्वयन किया है|

श्री तोमर ने कहा यह घोषणा करने वाली सरकार नहीं किर्यान्वयन करने वाली सरकार है | कृषि के लिए बजट में बढ़ोतरी कृषि से जुड़े अन्य व्यवसाय व मत्स्य पालन बांस की खेती फलदार वृक्षों को लगाना, मृदा परीक्षण फूड प्रोसेसिंग के लिए सुविधाएं सिंचाई के लिए प्रधानमंत्री सिंचाई योजना, शीघ्र खराब होने वाली फसलों के लिए वातानुकूलित परिवहन भंडारण सुविधाओं को बढ़ाने जैसे कृषि अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के बाद कृषक की आय सुनिश्चित करने जैसे कदमों के पदचिन्ह जमीन पर उतार कर 2022 में किसानों की आय दोगुनी करने की दिशा में सरकार ने ठोस प्रयास किए हैं| फसल बीमा के लिए सरकार ने किसानों की सुरक्षा के लिए नई योजना भी लागू की जिससे किसानों के जीवन को नई रोशनी मिली है।