MP में फिर बदला मौसम का मिजाज, कई जिलों में जोरदार बारिश

भोपाल। एक सप्ताह के ब्रेक के बाद एक बार फिर मध्य प्रदेश में मौसम मेहरबान हुआ है| बारिश का सिलसिला फिर शुरू हो गया है| मानसून के प्रवेश के बाद कई जिलों में जोरदार बारिश हुई लेकिन एक सप्ताह से इस पर ब्रेक लग गया था| जिसके बाद लोगों को बारिश का इन्तजार था| सुस्त पड़ा मानसून फिर सक्रिय हुआ है और आने वाले दिनों में बारिश का क्रम जारी रहेगा| मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 2-3 दिन बाद तेज बारिश का सिलसिला शुरू होने की संभावना है| बुधवार को प्रदेश के कई जिलों में जोरदार बारिश हुई है, जिससे तापमान में भी गिरावट आई है| अगले 24 घंटे में भी तेज बारिश के आसार हैं|

मध्यप्रदेश में पिछले माह 51 जिलों में से 35 जिलों में सामान्य बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने कहा है कि आने वाले चार दिनों के बाद मध्यप्रदेश के कई हिस्सों में फिर से बारिश का दौर आने वाला है। अब पूरे मध्यप्रदेश में सामान्य से अधिक बारिश हो सकती है। मौसम विभाग की माने तो जुलाई में अच्छी बारिश के संकेत मिल रहे हैं। उत्तरी महाराष्ट्र से लेकर उत्तरी केरल तक द्रोणिका लाइन(ट्रफ) बना हुआ है। इसके अतिरिक्त दक्षिणी गुजरात पर एक चक्रवात बन गया है। इस वजह से अरब सागर से बड़े पैमाने पर मप्र के वातावरण में नमी आने लगी है। जिसके चलते बौछारें पड़ने लगी हैं।

बुधवार को रतलाम में 11,सागर में 6,जबलपुर में 4.8,दमोह,मंडला में 4,पचमढ़ी में 3,खरगोन,होशंगाबाद,बैतूल,शाजापुर में 2,भोपाल में 1.8मिमी. पानी गिरा। वहीं उज्जैन में 46 मिमी.,इंदौर में 25.5 मिमी. पानी गिरा है । मौसम विभाग के अनुसार, अरब सागर की ओर से हवाओं के साथ नमी आ रही है जिसके चलते बादल छाए हुए हैं और बारिश का दौर जारी है| बुधवार को भोपाल का न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस, इंदौर का 22.9, ग्वालियर का 28 और जबलपुर का न्यूनतम तापमान 25.8 सेल्सियस दर्ज किया गया|