दिग्गी का कटाक्ष, ‘किसान दुखी मजदूर परेशान, किस बात का आशीर्वाद चाहते हैं सीएम’

धार : आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दलों ने तैयारियां जोर शोर से शुरू कर दी है। एक तरफ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और पार्टी कार्यकर्ताओं को एकजुट करने भ्रमण कर रहे हैं वहीं चुनाव से पहले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान जनता का आशीर्वाद लेने के लिए निकल रहे हैं। इसी हफ्ते 14 जुलाई शनिवार को उज्जैन में महाकाल की पूर्जा-अर्चना के बाद भाजपा अध्यक्ष अमित शाह जनआशीर्वाद यात्रा को हरी झंडी दिखाएंगे। यात्रा अलग-अलग चरणों में 55 दिन में 230 विधानसभा क्षेत्रों से होकर निकलेगी। इस दौरान मुख्यमंत्री हर विधानसभा क्षेत्र मे एक विशाल सभा को संबोधित करेंगे, जबकि 475 से ज्यादा रथ सभाओं भी करेंगे। 25 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भोपाल के जंबूरी मैदान पर यात्रा का समापन करेंगे। इस दौरान भाजपा का कार्यकर्ता समागम होगा। चुनाव से पहले सीएम द्वारा निकली जाने वाली इस यात्रा पर दिग्विजय सिंह ने कटाक्ष किया है। उन्होंने सवाल किया है शिवराज किसका आशीर्वाद लेने निकल रहे हैं, और किस बात का आशीर्वाद लेना चाहते हैं, प्रदेश में हर कोई तो परेशान है। उन्होंने कहा आशीर्वाद लेना है तो भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉक्टर मुरली मनोहर जोशी से आशीर्वाद लें और सुने वो क्या कहते हैं।

दरअसल, कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव दिग्विजय सिंह एकता यात्रा लेकर धार पहुँचे थे जहाँ उन्होंने प्रेस वार्ता के चर्चा करते हुए शिवराज सरकार पर हमला बोला। उन्होंने सीएम की जनआशीर्वाद यात्रा पर सवाल उठाते हुए कहा कि शिवराज सिंह इस यात्रा से किसका आशीर्वाद लेना चाहते है और किस बात पर वह आशीर्वाद लेना चाहते है, प्रदेश में मजदूर दुखी है, मनरेगा का काम बंद, किसान को भाव मिल नही रहा है, व्यापारी स्पेक्टर राज से परेशान है, जी.एस.टी से परेशान, नोट बंदी से परेशान, आशीर्वाद किससे लेंगे, भाजपा के कार्यकर्ताओं से, और तो ओर दिग्गीराजा ने शिवराज सिंह चोहान को कहा कि वह भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉक्टर मुरली मनोहर जोशी से जा कर आशीर्वाद ले और सुने वो क्या बोलते है।