छत्तीसगढ़: मिशन 65+ की तैयारी में भाजपा, कांग्रेस के बूथ एजेंटों पर है नजर

छत्तीसगढ़ में मिशन 65 प्लस की तैयारी में जुटी भाजपा के निशाने पर कांग्रेस के बूथ कार्यकर्ता और प्रभारी हैं। ‘हमारा बूथ सबसे मजबूत’ अभियान में भाजपा ने बूथ पदाधिकारियों के सामने 24 सूत्रीय एजेंडा पेश किया। इसमें सबसे महत्वपूर्ण यह है कि अन्य दलों के बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से संपर्क करना और उनको सदस्य बनाना है। इसके साथ ही प्रदेश संगठन ने बूथ को चार श्रेणी में बांटा है।
ए श्रेणी के बूथ को पार्टी मजबूत बूथ मानकर चल रही है। बी और सी श्रेणी को मजबूत करने की जरूरत है। इसमें बी श्रेणी के बूथ की जिम्मेदारी कार्यकर्ताओं को और सी श्रेणी के बूथ को मजबूत करने की कमान पार्टी पदाधिकारियों को दी जाएगी। भाजपा के आला नेताओं ने बताया कि मंडल स्तर के संगठन और मोर्चा पदाधिकारियों को पांच-पांच बूथ की जिम्मेदारी दी जाएगी। पिछले दो लोकसभा और दो विधानसभा चुनाव में बूथ पर मिले मतों के आधार पर ग्रेडिंग की गई है। चुनाव से पहले बूथों पर सामाजिक समीकरण भी साधे जाएंगे।
बूथ की सामाजिक रचना के अनुसार बूथ समिति का गठन किया जाएगा। हर बूथ पर 20 नए सदस्य बनाए जाएंगे। इसमें एससी, एसटी, ओबीसी को शामिल करना है। सामाजिक समीकरण के आधार पर पर्चा और मिस्ड काल व्यवस्था से नए सदस्य भी बनाना है। पदाधिकारियों को मतदान केंद्र स्तर पर बैठक करनी है।
हर बूथ पर 2-3 सदस्य ऐसे चुनने हैं, जो मतदान केंद्र को जीवंत रखते हों। हर बूथ पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ सुनाने के साथ ही छह कार्यक्रम भी करने हैं। प्रदेश स्तर पर बूथों के कार्यक्रमों की जानकारी के लिए सभी बूथ स्तर के सदस्यों का मोबाइल नंबर प्रदेश संगठन को भेजना है। प्रदेश स्तर पर इन सदस्यों की जांच की जाएगी और चुनाव के दौरान जिम्मेदारी भी सौंपी जाएगी।
चुनाव में भाजपा बांटेगी कार्यकर्ताओं को बाइक
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तर्ज पर भाजपा यहां भी कार्यकर्ताओं को चुनाव से पहले बाइक बांटेगी। इस बाइक से युवा पार्टी उम्मीदवार के पक्ष में प्रचार करेंगे। इसके साथ ही पार्टी ने हर बूथ पर पांच बाइक धारकों की सूची भी मंगाई है। हर बूथ पर पांच स्थानों पर कमल का निशाना बनाना है। बूथ स्तर पर लाभार्थी सम्मेलन और पन्ना प्रमुखों की व्यवस्था करने की भी जिम्मेदारी दी गई है।